सड़क हादसे की आड़ में हत्या की साजिश का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

सुसनेर, अग्निपथ। पुलिस ने सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए इसे हत्या की सुनियोजित साजिश करार दिया है। पुरानी रंजिश के चलते 5 लाख रुपये में एक्सीडेंट कराने का सौदा करने वाले कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

पांच लाख रुपये में हुआ था सौदा

23 अगस्त 2026 को बड़िया जोड़ पेट्रोल पंप के सामने मोटरसाइकिल सवार विक्रम सिंह निवासी ग्राम खजुरी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी थी। घायल द्वारा जान से मारने की नीयत से टक्कर मारे जाने की शंका जताई गई थी। विवेचना के दौरान सामने आया कि गांव के ही अर्जुन सिंह ने पुरानी रंजिश के कारण विक्रम को रास्ते से हटाने के लिए तुलसीराम यादव के साथ 5 लाख रुपये में एक्सीडेंट कराने की डील की थी।

सीसीटीवी से खुली साजिश की परतें

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से घटना में प्रयुक्त ट्रक के चालक शंकर यादव की भूमिका स्पष्ट हुई। पूछताछ में शंकर ने बताया कि उसे पैसों के प्रलोभन में यह वारदात करने को कहा गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक शंकर और वाहन स्वामी विजय यादव को हिरासत में लिया।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी

मामले की तह तक पहुंचते हुए पुलिस ने साजिशकर्ता अर्जुन सिंह, तुलसीराम और राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में धारा 109(1), 62(1) और 238 बीएनएस का इजाफा किया गया है। 1 सितंबर 2026 को सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Next Post

मक्सी मार्ग फोरलेन निर्माण पर उठा विवाद, संकरी सड़क से सिंहस्थ में जाम की बड़ी आशंका

Tue Sep 1 , 2026
कायथा/उज्जैन, अग्निपथ। आगामी सिंहस्थ धार्मिक मेले के पूर्व उज्जैन से मक्सी मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित करने का कार्य तेज गति से संचालित किया जा रहा है। हालांकि इस निर्माणाधीन महत्वपूर्ण सड़क की वास्तविक चौड़ाई को लेकर अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने […]

Breaking News