ओ मॉय गॉड : क्राउड मैनेजमेंट की समस्या के चलते फिल्म की शूटिंग दो दिन टली

शूटिंग के लिए 1 करोड़ रुपए दान देने की चर्चा

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को ओ माय गॉड-2 शूटिंग के लिए 1 करोड़ रुपए दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं। फिलहाल गुरुवार को तो शूटिंग नहीं हो पाई। इसको क्राउड मैनेजमेंट की समस्या के चलते दो दिन के लिए टाल दिया गया है। सख्त शर्तों के साथ 4 नवंबर तक शहर की 11 लोकेशन पर फिल्म शूटिंग की अनुमति दी गई है। शूटिंग शेड्यूल के लिए तय 15 दिन के बीच फिल्म स्टार अक्षय कुमार एक या दो दिन के लिए ही उज्जैन आने वाले हंै।

वल्लभ भवन से आए आदेश के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने ओ मॉय गॉड-2 की शूटिंग करने की इजाजत प्रोडक्शन टीम को दी है। लेकिन जानकारी में यह भी आया है कि शूटिंग के लिए प्रोड्यूसर की ओर से महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को 1 करोड़ रुपए दान स्वरूप दिए गए हैं।

इस बात की चर्चा पूरे मंदिर में चल रही है, लेकिन कोई भी अधिकारी इस बात का खुलासा करने के लिए तैयार नहीं है। खुद अधिकारी भी इस चर्चा से अपने को दूर रखे हुए हैं। हालांकि शूटिंग के लिए प्रशासन ने 23 से अधिक सख्त शर्तें रखी है। इनका कितना पालन होगा यह समय बताएगा, पर इसमें सुरक्षा के साथ क्राउड मैनेजमेंट के लिए वॉलिंटियर्स रखने की जिम्मेदारी प्रोडक्शन हाऊस को ही दी गई है। माना जा रहा है कि इसी के चलते शूटिंग को टाला गया है।

गुप्त रखा जा रहा अक्षय का आगमन

फिल्म की उज्जैन में 4 नवंबर तक शूटिंग चलेगी। इधर प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अक्षय कुमार एक-दो दिन ही शूटिंग करने उज्जैन आएंगे। लेकिन उनका आगमन कब होगा, इस बात का खुलासा अधिकारियों द्वारा नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों के चलते अधिकारी अक्षय कुमार के आगमन की खबर को गुप्त रखे हुए हैं।

इन स्थानों पर होगी शूटिंग

प्रशासन की सशर्त अनुमति के अनुसार 15 दिन के शेड्यूल के दौरान फिल्म की शूटिंग सतीगेट, टॉवर चौक, फ्रीगंज, शिप्रा नदी, संख्याराजे धर्मशाला देवासगेट, महाकाल मंदिर, पटनी बाजार, नारायण व्यासजी का घर, रेलवे स्टेशन, रामघाट और चामुंडा माता चौराहे पर होगी। शूटिंग लोकेशन फाइनल हो चुकी है।

यामी गौतम भी फिल्म में

अमित राय के निर्देशन में बन रही ‘ओ माय गॉड 2’ की शूटिंग अगले कुछ दिनों तक पंकज अकेले ही करेंगे। इसके कुछ दिन बाद यामी गौतम फिल्म की शूटिंग के लिए टीम के साथ जुड़ेंगी। बताया जाता है कि अक्षय ने ‘ओ माय गॉड 2’ में अपने किरदार भगवान कृष्ण की शूटिंग के लिए मेकर्स को सिर्फ 15 से 20 दिन ही दिए हैं। इसमें से कुछ दिनों की शूटिंग उज्जैन में होगी। ‘ओह माय गॉड 2’ को अश्विन वर्दे और अक्षय कुमार साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

अभिनेत्री तनुश्री दत्ता दर्शन को पहुंची, गणपति मंडपम् के बेरिकेड्स से किया पूजन

Acteress tanushi datta mahakal temple ujjain
दर्शन के बाद महाकाल मंदिर प्रांगण में तनुषी दत्ता पंडितों के साथ।

अभिनेत्री तनुश्री दत्ता गुरुवार को भगवान महाकाल के दर्शन को पहुंची। गणपति मंडपम की प्रथम बेरिकेड्स से उनका पूजन पुरोहित प्रतिनिधि पीयूष चतुर्वेदी ने सम्पन्न कराया। ज्ञातव्य रहे कि तनुश्री ने फिल्म ‘आशिक बनाया आपने से’ हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह कई अन्य फिल्मों में भी नजर आयीं। जिनमे चॉकलेट, भागम-भाग, ढोल, रिस्क, गुड बॉय-बैड बॉय, सास-बहू और सेंसेक्स और अपार्टमेंट आदि प्रमुख हैं। तनुश्री की हिंदी सिनेमा में आखिरी फिल्म वर्ष 2010 में रिलीज हुई अपार्टमेंट थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महानिर्वाणी अखाड़ा के रविन्द्रपुरीजी अभा अखाड़ा परिषद अध्यक्ष मनोनीत

Thu Oct 21 , 2021
महाकालेश्वर मंदिर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में हर्ष की लहर, देश-विदेश में भी हैं अखाड़े की शाखाएं उज्जैन, अग्निपथ। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेन्द्रगिरीजी महाराज के निधन के पश्चात काफी समय से यह पद खाली पड़ा हुआ था। जिसको लेकर 13 अखाड़ों के श्रीमहंतों में अध्यक्ष सहित अन्य […]

Breaking News