केबल आपरेटरों के बीच चाकूबाजी

उज्जैन, अग्निपथ। केबल कनेक्शन को लेकर चले आ रहे विवाद में बुधवार को एक बार फिर आपरेटरों के बीच चाकूबाजी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि हाटकेश्वर कालोनी से लेकर आसपास के क्षेत्रों में केबल लाइन का कलेक्शन करने की बात पर दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बुधवार को अभिषेक सोलंकी निवासी बालाजी परिसर को कलेक्शन विवाद के चलते मेवाड़ा ढाबे के पास दूसरे गुट के तीन-चार अन्य लोगों ने घेर लिया और मारपीट करते हुए चाकू से हमला किया। मामले में अभिषेक की शिकायत पर धारा 324, 294, 506, 34 का प्रकरण दर्ज किया गया है। इस बात की जानकारी भी सामने आई थी कि घायल ने खुद चाकू मारे हंै। जिसकी जांच की जा रही है।

बैंक मैनेजर की नौकरानी ने चुराये थे आभूषण, जेल भेजा

उज्जैन, अग्निपथ। बैंक मैनेजर के घर से गायब हुए आभूषण बुधवार को नौकरानी की निशानदेही पर बरामद कर लिये गये। उसके खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा गया है।
महानंदानगर में रहने वाले बैंक मैनेजर उमेश पिता रामप्रसाद (33) के घर से अलमारी में रखे सोने के आभूषण गायब हो गये थे। चार दिन पहले सामने आये मामले में बैंक मैनेजर ने अपने यहां काम करने वाली नौकरानी रचना यादव पर शंका जताई थी। नानाखेड़ा पुलिस ने संदेह के आधार पर नौकरानी को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया। सख्ती के आगे वह टूट गई और चोरी करना कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर आभूषण बरामद कर पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेजा गया है।

युवक को सांप ने डंसा, मौत

उज्जैन, अग्निपथ। बर्तनों के बीच बैठे सांप ने युवक के हाथ पर डंस लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम टंकारयिा पंथ में रहने वाला गोविंद पिता रमेशचंद्र बागरी (25) मंगलवर रात परिवार के सो जाने पर खुद रसोईघर में खाना निकालने के लिये पहुंचा था। उसने बर्तनों के बीच रखी थाली निकालने के लिये हाथ आगे किया, उसी दौरान सांप ने डंस लिया। उसका शोर सुनकर परिजन रसोईघर में पहुंचे। सांप जाता दिखाई दिया। गोविंद को उपचार के लिये देर रात जिला अस्पताल लाया गया। उसकी मौत हो चुकी थी। बुधवार सुबह चिंतामण थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।

 

हामूखेड़ी से पकड़ाया हत्या में फरार युवक

उज्जैन, अग्निपथ। हीरामिल की चाल में हुई हत्या में फरार चल रहा युवक बुधवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसके दो साथियों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। देवासगेट टीआई राममूर्ति शाक्य ने बताया कि 9 सितंबर को हीरामिल की चाल में रहने वाले अमन बैरागी की घर में घुसकर तीन बदमाशों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। हत्या के 16 घंटे बाद 2 बदमाशों को हिरासत में लेकर जेल भेजा जा चुका था। तीसरा युवक लखन फरार चल रहा था। जिसे बुधवार हामूखेड़ी से हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक का मृतक से 15 दिन पूर्व विवाद हुआ था। जिसका बदला लेने के लिये वह हत्या में शामिल रहे दोनों साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मनमाने बिजली बिलों को लेकर आम नागरिकों के समर्थन में उतरी कांग्रेस

Wed Sep 15 , 2021
सुसनेर, अग्निपथ। विद्युत मंडल द्वारा मनमाने तरीके से दिए जा रहे विद्युत बिलों को लेकर अब कांग्रेस आम नागरिकों के समर्थन में मैदान में उतरी है। आंकलित खपत के बिल देकर जबरिया वसूली रोकने व बिजली संबंधी आम लोगों की अन्य समस्याएं दूर करने की मांग की गई। ब्लॉक-शहर कांग्रेस […]