खबर का असरः ट्रैक्टर-ट्रॉली से 200 रुपये वसूलने का फरमान सुनाने वाला मंडी सचिव सस्पेंड

ऑडियो वायरल, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

जावरा, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी के सचिव को कथित भ्रष्टाचार करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर उनका ऑडियो वायरल होने के बाद किसान कल्याण व कृषि मंत्री कमल पटेल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले रतलाम कलेक्टर ने मंडी सचिव के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।

गौरतलब है कि जावरा मंडी में हर रोज 60-70 ट्रैक्टर-ट्रालियां किसानों की उपज लेकर आती हैं। इनसे 200 रुपए प्रति ट्राली से वसूले जा रहे हैं। इसी का हिसाब मांगते हुए मंडी सचिव आरपीएस नैने व मंडी के सुरक्षा गार्ड की बातचीत का ऑडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मंडी में फैले इस भ्रष्टाचार को लेकर किसानों के बीच भी आक्रोश पनप रहा था जो ऑडियो वायरल होने के बाद सामने आ गया। इसको लेकर किसान संगठनों ने मंडी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया। इस बीच कलेक्टर रतलाम कुमार पुरुषोत्तम ने जांच के आदेश दिए हैं।

मंत्री ने ट्विट कर दी निलंबन की जानकारी

प्रदेश के किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल ने ट्विट कर जावरा मंडी के सचिव को निलंबित करने की जानकारी दी। देर शाम करीब पौने 8 बजे मंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्विट किया किया मीडिया की खबरों और वायरल ऑडियो के आधार पर सचिव को निलंबित कर दिया गया है। …. ऐसे भ्रष्ट लोगों को जेल भेजेंगे।

यह है मामला

दरअसल जावरा कृषि मंडी के सचिव आरपीएस नैने और मंडी के सुरक्षा गार्ड भेरूसिंह के बीच मोबाइल फोन पर हुई बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें मंडी सचिव कृषि उपज मंडी में आने वाली भाड़े की ट्रालियों और गाडिय़ों से 200-200 रुपए वसूल करने की बात सुरक्षाकर्मी को कह रहे हैं। हर रोज मंडी में आने वाली 60 से 70 ट्रॉलियों से वसूल किए गए रुपयों का हिसाब भी मंडी सचिव सुरक्षा गार्ड से मांग रहे हैं। वायरल हुआ ऑडियो में मंडी के कुछ कर्मचारियों के नाम के साथ विधायक जी से बात कर लेने की चर्चा भी मंडी सचिव कर रहे है। रुपए की वसूली के ऑडियो वायरल होने के बाद कृषि मंडी सचिव ने सफाई पेश करते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया है।

अग्निपथ ने किया था खुलासा

मंडी सचिव के इस कारनामे को अग्निपथ ने भी अपने 7 सितंबर के अंक में उजागर किया था। इसकी जानकारी कलेक्टर सहित मंत्री तक विभिन्न किसान संगठनों व अन्य माध्यमों से पहुंची थी। इसके बाद मंडी सचिव पर जांच बैठाने के अलावा उन्हें निलंबित भी कर दिया गया।

मामला सही है

कृषि उपज मंडी सचिव आरपीएस नैने का भाड़े की ट्राली को लेकर रिश्वत की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने की खबर के बाद उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें ग्वालियर संभागीय कार्यालय में अटैच किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला सही पाया है इसलिए मंडी बोर्ड ने निलंबित की कार्रवाई की है। -हिमांशु प्रजापति, एसडीएम जावरा0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

लखुंदर नदी की पुलिया पर लटकी मिली थी कार; चौथे दिन मिला कार सवार युवक का शव

Tue Sep 7 , 2021
नलखेड़ा, अग्निपथ। ग्राम ताखला के समीप लखुंदर नदी के रपटे पर एक कार लटकी हुई कार से नदी में गिरे युवक का शव मंगलवार को पुलिस ने खोज निकाला। गाड़ी की हालात देख जाहिर की गई शंका सही निकली। थाना प्रभारी अनिल कुमार पुरोहित ने बताया कि ग्राम ताखला में […]
डूबा