खेल ही संवारते हैं उज्जवल भविष्य: बड़नगर में जैन पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेल समारोह ‘अल्टीयस’ संपन्न

बड़नगर, अग्निपथ। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य और अनुशासन प्रदान करते हैं, बल्कि सफल जीवन और स्वर्णिम भविष्य का निर्माण भी करते हैं। वर्तमान समय में खेलों के माध्यम से छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाकर एक आदर्श स्थापित कर सकते हैं। यह विचार जेजीआई ग्रुप बेंगलुरु द्वारा संचालित जैन पब्लिक स्कूल, बड़नगर (ढोलाना) के वार्षिक खेल समारोह ‘अल्टीयस’ में मुख्य वक्ता डॉ. श्रीनिवास पटनायक ने व्यक्त किए। डॉ. पटनायक भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के वरिष्ठ सचिव और सेंट जेवियर एवं कृष्णमूर्ति स्कूल समूह के चेयरमैन हैं।

संस्था निदेशक अंकित वोहरा ने इस अवसर पर कहा कि जीवन में उन्नति के अनेक क्षेत्र हैं और छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार अपनी प्रतिभा का परिचय देना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ विद्यालय द्वारा खेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जेपीएस मेन कैंपस के साथ जैन टॉडलर्स बड़नगर व बदनावर के नन्हे-मुन्नों ने भी भाग लिया। प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी खेल क्षमताओं का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

समारोह का शुभारंभ भव्य मार्च पास्ट के साथ हुआ, जिसमें स्कूल बैंड की धुन पर अतिथियों का आगमन हुआ। अतिथि स्वागत के पश्चात विद्यालय ध्वज का आरोहण कर और रंग-बिरंगे गुब्बारों को गगन की ओर छोड़कर खेल मशाल प्रज्ज्वलित की गई। स्कूल के विभिन्न हाउस—नॉलेज, स्किल्स, वैल्यूज और ग्रोथ के सैकड़ों छात्रों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। संस्था प्राचार्या श्रीमती सपना बेस्टियन ने सभी छात्र-छात्राओं को खेल भावना की शपथ दिलाई।

खेल समारोह के दौरान नन्हे बच्चों के लिए पिकअप द बॉल, जिमनास्टिक, बैलेंसिंग बॉल, एरोबिक्स, पैराशूट और रिबन फुटबॉल जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं सीनियर और जूनियर वर्ग के लिए 100 मीटर, 400 मीटर दौड़, रिले रेस, डिस्क थ्रो, लॉन्ग जंप और हाई जंप जैसी स्पर्धाएं हुईं। केवल छात्र ही नहीं, बल्कि अभिभावकों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं रखी गईं, जिसमें उन्होंने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत ‘वंदे मातरम’ के गान के साथ दी गई नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से संस्था के मैनेजिंग ट्रस्टी अभय टोंग्या, ट्रस्टी सुशील गोलछा और सुभाष वोहरा सहित कई गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विजेता प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा मौली शाह, भक्ति राठौर, राधा राठौर और ख्याति जैसानी ने किया। छात्रों को खेल संबंधी मार्गदर्शन खेल शिक्षक बृजपाल डोडिया और पातल मैम द्वारा दिया गया। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी शिक्षक इंद्रजीत उपाध्याय द्वारा प्रदान की गई।

Next Post

मिस्त्री टाल से निकला और अवैध लकड़ी के ट्राले से टकराया, मौके पर मौत

Mon Jan 12 , 2026
उन्हेल में हुई घटना-डीएफओ ने जांच बैठाई, स्टॉफ को भी बदलने की कार्रवाई की जाएगी उज्जैन, अग्निपथ। उन्हेल में एक दुर्घटना में लकड़ी के टाल पर काम करने वाले मिस्त्री की मौत ने वन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही सामने ला दी। यहां अवैध रुप से शाम 7 बजे के […]

Breaking News