सड़क हादसे में जयरामपुरा के पूर्व सरपंच की मौत: अनियंत्रित होकर आईशर में घुसी कार

उज्जैन, अग्निपथ। पानबिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरोठ हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम पंचायत जयरामपुरा के पूर्व सरपंच राकेश पिता जयराम परमार (45 वर्ष) की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

बच्चों से मिलकर लौट रहे थे घर

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच राकेश परमार का उज्जैन के खंडेलवाल नगर में भी एक मकान है, जहां उनके दो बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं। गुरुवार शाम को वे खंडेलवाल नगर स्थित आवास से अपने बच्चों से मिलकर वापस जयरामपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान गरोठ हाईवे पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उनके आकस्मिक निधन की खबर से गांव और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

हार्ट अटैक की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राकेश परमार पूर्व में हृदय रोग से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे वे स्वयं को संभाल नहीं पाए और उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पंचर खड़ी एक आईशर गाड़ी में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मृत्यु हार्ट अटैक से हुई या दुर्घटना में लगी चोटों के कारण। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

Next Post

शराब तस्करी के आदतन अपराधी की जमानत निरस्त: पांच बार पकड़ा चुका है आरोपी

Fri Feb 27 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। अवैध शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक आदतन अपराधी को बार-बार अपराध दोहराना भारी पड़ गया। आरोपी को पूर्व में न्यायालय ने जमानत दे दी थी, लेकिन जेल से बाहर आते ही वह फिर से इसी गोरखधंधे में संलिप्त हो गया। पुलिस अब तक इस आरोपी को आबकारी […]

Breaking News