झिंझरकांड में निलंबित दो अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी

सेवा से बर्खास्त

12 लोगों की गई थी जान, दो पुलिसकर्मियों का फैसला भी जल्द

उज्जैन,अग्निपथ। करीब 15 माह पहले हुआ बहुचर्चित झिंझरकांड एक बार फिर चर्चा में है। वजह मामले में पुलिसकर्मियों पर चल रही जांच का फैसला है। प्रकरण में आईजी संतोषसिंह ने निलंबित तात्कालीन टीआई और एसआई को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी। याद रहे झिंझर (जहरीली शराब की पोटली) पीने से एक दर्जन मजदूर व भिक्षुकों की मौत हुई थी।

उल्लेखनीय है कि 14-15 अक्टूूबर 2020 को छत्रीचौक पर झिंझर पीने से 12 मजदूर व भिक्षुकों की मौत हो गई थी। घटना में खाराकुआ थाने में तीन पुलिसकर्मी, नगर निगम कर्मचारी और कैमिकल सप्लायर सहित 16 लोगों को जेल भेजा गया था।

वहीं तात्कालीन एसपी मनोज सिंह,एएसपी रुपेश द्विवेदी को हटा दिया था और कोतवाली सीएसपी डॉ.रजनीश कश्यप, खाराकुआ थाने के तात्कालीन टीआई एमएल मीणा,एसआई निरंजन,एएसआई रामस्वरुप गोमे, प्रआ. गोपालसिंह बैस,आरक्षक पकंज भदौरिया को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू की गई थी।

टीआई मीणा व एसआई शर्मा के मामले चार्जशीट में लगे आरोपों पर सुनवाई की बाद आईजी सिंह ने दोनों को कार्य निर्वाहन ठीक से नहीं करने का दोषी सिद्ध पाते हुए अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी।

सीएसपी को भी राहत

मामले में सस्पेंड सीएसपी कश्यप की जांच लंबित है, लेकिन मुख्यालय ने उन्हें बहाल कर दिया। एएसआई गोमे,प्रआ. बैस व आर.भदौरिया पर लगे आरोपों की सुनवाई के बाद एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने एक को आंशिक दोषी मानते हुए वेतन वृद्धि रोक दी वहीं दो का फैसला जल्द करने वाले है।

एसपी मनोजसिंह अलीराजपूर और एएसपी रुपेश द्विवेदी इंदौर में पदस्थ है। आरक्षक सुदेश खोड़े की जेल में मौत हो चुकी है।

यह थे जिम्मेदार

याद रहे 12 लोगों की मौत का मुख्य आरोपी नगर निगम कर्मचारी सिंकदर साथी गब्बर व यूनुस के साथ गोपाल मंदिर स्थित पुराने नगर निगम भवन की छत पर झिंझर बनाता था। उसे आरक्षक अनवर शेख , नवाज शरीफ बिलोटीपुरा के डॉ. जुनैद, नयापुरा के मेडिकल संचालक ईरशाद व अन्य से स्प्रीट मुहैया कराते थे। मामले में आरक्षक खोड़े को भी जेल भेजा था।

इन पर भी गिरी थी गाज

सर्वविदित है कि मामले में आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त सीके साहू,एसआई संगीता मालवीय,आरक्षक रोहित लोहरिया नगर निगम के सहायक आयुक्त सुबोध जैन, केसी अग्निहोत्री सहित करीब एक दर्जन अधिकारी कर्मचारियों पर सस्पेंड व तबादले की कार्रवाई हुई थी।

इनका कहना है ..

आईजी साहब ने झिंझरकांड में दो अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी। मैने दो मामलों की जांच की, जिसमें एक में वेतन वृद्धि रोकी है,शेष का भी लंबित है। -सत्येंद्र कुमार शुक्ल,एसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हरसिद्धि चौराहा पर पैदल महाकाल भक्तों का बनाया कोरोना चालान

Sun Jan 23 , 2022
मुख्य चौराहों की जगह अन्य मार्गों पर अमले ने संभाला मोर्चा उज्जैन, अग्निपथ। रविवार से कलेक्टर ने कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं करने वालों को सिविल जेल भेजने का आदेश जारी किया था। इसको देखते हुए अमले ने ऐसी जगहों पर मोर्चा संभाला जहां पर लोग बिना मास्क के […]
Mask jurmana 230122

Breaking News