ट्रांसफर आदेश के बाद उपायुक्त को मिली पंप की जिम्मेदारी

नगर निगम विशेष सम्मेलन

दो दिन में नई जगह करना था ज्वाइन, रीलिव करने के मूड में नहीं आयुक्त

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के उपायुक्त संजेश गुप्ता का मंगलवार को ट्रांसफर आर्डर जारी हुआ। शासन के निर्देशों के तहत उन्हें 2 दिन में नई पदस्थापना यानि रायसेन में ज्वाईन करना है।

मंगलवार को जारी हुए ट्रांसफर आदेश के बावजूद बुधवार को आयुक्त अंशुल गुप्ता ने उपायुक्त संजेश गुप्ता को नगर निगम के पेट्रोल पंप की जिम्मेदारी सौंप दी। आयुक्त के इस फैसले से नगर निगम में यह सीधा संदेश गया है कि फिलहाल संजेश गुप्ता उज्जैन से रीलिव नहीं होंगे।

आगर रोड पर निगम मुख्यालय के बाहर नगर निगम के स्वामित्व का पेट्रोल पंप स्थापित किया जा रहा है। पेट्रोल पंप का काम अंतिम चरण में है और अप्रैल के पहले सप्ताह में इसे चालू किए जाने की कोशिश है। बुधवार को ननि आयुक्त अंशुल गुप्ता ने पेट्रोल पंप के संचालन, संधारण, पर्यवेक्षण और नियंत्रण के लिए नगर निगम के 7 अधिकारियों की एक समिति बनाई है। उपायुक्त संजेश गुप्ता इस समिति के अध्यक्ष बनाए गए है।

जोन 2 के प्रभारी और सहायक यंत्री साहिल मैदावाला समिति के सचिव रहेंगे। उपयंत्री निर्झर शुक्ला, प्रभारी उपयंत्री श्यामचंद्र शर्मा, राजस्व विभाग प्रभारी जयसिंह राजपूत, राजस्व निरीक्षक पवन लोढ़े और कंप्यूटर ऑपरेटर सरदार सिंह सोलंकी को समिति का सदस्य बनाया गया है। यह समिति ननि के पेट्रोल पंप का संचालन करेगी और संचालन में आने वाली विभिन्न तरह की समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराएगी।

इसलिए संजेश गुप्ता पर भरोसा

निगम उपायुक्त संजेश गुप्ता नगर निगम में पदस्थ सभी अधिकारियों में एकमात्र ऐसे अधिकारी है जो सुबह 5 बजे से देर रात तक फील्ड ड्यूटी पर रहते है। उनके पास स्वास्थ्य विभाग का प्रभार है। स्वच्छता सर्वेक्षण के डाक्यूमेंटेंशन का श्रेय भले ही किसी अन्य अधिकारी को मिला हो लेकिन फील्ड में स्वच्छता का श्रेय और उज्जैन की देश के टॉप-10 शहरों में रैंक का श्रेय संजेश गुप्ता को ही जाता है।

नगर निगम के पास पेट्रोल पंप संचालन का कोई अनुभव नहीं है, लिहाजा पंप का संचालन एक चुनौती है। आयुक्त यह अच्छे से जानते है कि यदि पेट्रोल पंप का संचालन लय में लाना है तो इसके लिए ऐसे किसी अधिकारी को ही जिम्मेदारी देना होगी जो यहां भिडक़र काम कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन में होगा दो दिवसीय भारतीय युवा संसद का आयोजन

Wed Mar 30 , 2022
2-3 अप्रैल को नोबेल पुरस्कृत कैलाश सत्यार्थी करेंगे युवाओं से संवाद उज्जैन, अग्निपथ। लोकतान्त्रिक मूल्यों में आस्था, सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्र में युवाओं की सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका के मद्देनजऱ, युवा पीढ़ी प्रत्यक्ष रूप से भारतीय लोकतान्त्रिक प्रणाली को समझे, इसके उन्नयन-विकास में सक्रीय रूप से भागीदारी दे आदि उद्देश्य […]