धनतेरस पर धार में हुई ‘धन वर्षा’, एक दिन में पंद्रह करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार!

धार, अग्निपथ। दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस के साथ ही हो गई है। इस दौरान बाज़ार में ज़बरदस्त उत्साह और खुशियों की रोशनी छाई रही। ग्राहकों की भारी आमद से पूरे दिन बाज़ार में रौनक बिखरी रही। सोना, चांदी से लेकर बर्तन, ऑटोमोबाइल, कपड़े और फर्नीचर सहित अन्य दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ उमड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में अपनी पसंदीदा वस्तुएं खरीदीं। एक ही दिन में करीब पंद्रह करोड़ रुपया का शानदार कारोबार हुआ। इस स्थिति से व्यापारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

सोने-चांदी से लेकर ऑटोमोबाइल तक बूम:

लक्ष्मी की कृपा बरसने को मानो बेताब थी, क्योंकि बाज़ार एक दिन पहले से ही सज-संवरकर तैयार हो गया था। आभूषण, बर्तन और ऑटोमोबाइल के बाज़ार में ज़बरदस्त तेज़ी (बूम) देखने को मिली। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामग्रियों की खरीदी ने इस कारोबार को और ऊँचाई दी। सोने-चांदी व बर्तनों के बढ़े भाव का असर लोगों के उत्साह पर कहीं भी नज़र नहीं आया।

बाज़ार में पैर रखने की जगह कम पड़ गई:

सुबह से शाम तक मुख्य बाज़ार में पैर रखने की जगह कम पड़ गई थी। पूरे दिन बाज़ार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, और खरीदी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। मुख्य बाज़ार में त्योहार को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। धानमंडी, आनंद चौपाटी, जवाहर मार्ग, राजवाड़ा, हटवाड़ा, मंडी रोड, शनिगली और बोहरा बाखल मार्केट में चारों ओर केवल भीड़ ही भीड़ दिखाई दी।

यातायात व्यवस्था रही दुरुस्त:

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने पूरी कमान संभाल रखी थी। खुद सूबेदार रोहित निकम्म शहर में व्यवस्था देख रहे थे, साथ ही यातायात प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर भी मैदान संभालकर यातायात को दुरुस्त करवा रहे थे। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवान मुस्तैद थे।

कैसा रहा बाज़ार का हाल:

  • सराफा: सजी-संवरी दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में शगुन के तौर पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदे। ज्वेलरी व्यापारी विनीत जैन (अणुश्री ज्वैलर्स) और मयंक जैन ने बताया कि यह दिन व्यवसाय के लिहाज़ से बहुत अच्छा साबित हुआ। पूजा-पाठ के लिए सिक्कों के साथ डिजाइनिंग आभूषणों की भी बिक्री अधिक हुई है।
  • कपड़ा व्यापार: रेडीमेड कपड़ों के साथ-साथ गृह सज्जा में उपयोग होने वाले कुशन कवर, परदे, पिलो कवर, बेडशीट और साड़ियों की दुकानों पर विशेषकर महिलाओं की खासी भीड़ रही। कपड़ा व्यापारी अमीरदीप सोलंकी और कपिल आहूजा के अनुसार, दीपावली के त्यौहार के कारण धनतेरस पर अच्छी खरीदी हुई।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स: धनतेरस के शुभ मुहूर्त में अच्छी खरीदी की संभावना को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकानें सजी रहीं। विक्रेता गुलाब लववंशी के मुताबिक रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टीवी, वाटर प्यूरीफायर आदि की जमकर बिक्री हुई।
  • फर्नीचर: फर्नीचर विक्रेताओं के लिए भी यह धनतेरस अच्छी रही। दुकानों पर देर रात तक लोगों का हुजूम उमड़ा। विक्रेता आशीष गोयल ने बताया कि सोफासेट, डबल बेड, अलमारी आदि की डिमांड ज्यादा रही।
  • बर्तन बाज़ार: इस बार भी लोगों का रुझान बर्तनों की खरीदी की ओर ज्यादा रहा। चमचमाते बर्तनों से बिखरी चमक के बीच पूरे शहर में लाख रुपया का व्यापार हुआ। बहुत से लोगों ने शगुन के तौर पर तांबे और पीतल के बर्तनों की जमकर खरीदी की।
  • ऑटोमोबाइल: धनतेरस ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए भी लक्ष्मी बरसा गई। शहर में एक दिन में ही सैकड़ों से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जिससे करीब दो करोड़ रुपया से अधिक का व्यवसाय हुआ। ट्रैक्टर शोरूम मालिक करण विश्नोई ने बताया कि किसानों ने कृषि के लिए ट्रैक्टर और खेती के उपकरण भी खरीदे।

पूजन सामग्री के लिए भीड़:

पूजन सामग्री, फूल हार, दीपक, गन्ना, गुड़, धानी, पताशे, सजावटी सामान और फलों की खरीदी के लिए बाज़ार की सड़कों पर भीड़ दिखाई दी। इन वस्तुओं के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक रहे, इसके बावजूद खरीदी पर कोई असर देखने को नहीं मिला।

Next Post

मुख्यमंत्री ने धनतेरस पर किसानों को दी बड़ी राहत, सीहोर में करोड़ों की सौगात

Sat Oct 18 , 2025
सीहोर, अग्निपथ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस के शुभ अवसर पर सीहोर जिले के बिलकिसगंज में आयोजित कार्यक्रम में पीला मोजेक, कीट व्याधि एवं अतिवृष्टि से हुई सोयाबीन फसल क्षति से प्रभावित 2,05,977 किसानों के खातों में एक सौ अट्ठारह करोड़ इकतालीस लाख रुपया की राहत राशि सिंगल क्लिक के […]

Breaking News