नए शहर कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर चर्चा हुई तेज, पांच नामों पर हुआ विचार

प्रदेश कांग्रेस कमेटी 13 जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों के नाम पर कर सकती है घोषणा

उज्जैन, अग्निपथ। शहर कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की घोषणा एक-दो दिन में किए जाने की संभावना है। इसका कारण शहर कांग्रेस के साथ ही प्रदेश के 13 जिलों में कांग्रेस अध्यक्षों के नए नामों पर सहमति बन गई है। जल्द ही इनकी घोषणा की जाएगी। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि जनवरी में नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने का वादा प्रदेश के पदाधिकारियों ने स्थानीय नेताओं से किया है।

कयास लगाए जा रहे हैं कि 26 जनवरी के झंडावंदन के बाद नई लिस्ट सामने आ सकती है। ताकि वर्तमान अध्यक्ष अंतिम बार झंडावंदन कर सके। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी को लेकर उज्जैन में विवाद होने की वजह से नए अध्यक्ष की कवायद की जा रही है। सोनी को पूर्व विधायक बटुकशंकर जोशी का करीबी माना जाता है। चूंकि जोशी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के खेमे से हैं, इस वजह से महेश सोनी को बदलवाने में उनकी रजामंदी सबसे अहम है।

अब तक पूर्व विधायक जोशी के संरक्षण के चलते ही सोनी पद पर बने हुए थे, परन्तु शहर में उनका विरोध बढऩे के बाद जोशी ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से ज्यादा बैर लेने के स्थान पर सोनी की रवानगी के लिए हां कर दी है। ताकि भविष्य में उन्हें विरोध का सामना नहीं करना पड़े। न ही उनके अन्य समर्थकों को इसका नुकसान उठाना पड़े।

अभी तक चार से ज्यादा नामों को लेकर चर्चा चल रही है। इनमें कार्यकारी शहर अध्यक्ष रवि राय, पूर्व पार्षद चेतन यादव, पूर्व सभापति आजाद यादव और ननि में प्रतिपक्ष नेता रहे राजेंद्र वशिष्ठ का नाम सामने आया है। वशिष्ठ का नाम हाल ही में सामने आने लगा है।

हालांकि पूर्व में रवि भदौरिया के नाम को अंतिम रुप दिया जाना था, परन्तु ऐन वक्त पर उनके नाम को रोक दिया गया है। बताया जाता है कि उनसे जुड़े कुछ दस्तावेज पीसी में स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने भिजवा दिए हैं। इस वजह से उनके नाम को लेकर एकदम से फैसला नहीं हो पाया है।

भोपाल में सदस्यता अभियान को लेकर हुई चर्चा

बताया जाता है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी को पिछले दिनों भोपाल बुलाया गया था। जहां उनसे सदस्यता अभियान और कांग्रेस के नए ब्लाक को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस का सदस्यता अभियान अभी जारी है। शहर और जिले भर में नए सदस्यों को जोडऩे के लिए प्रदेश स्तर से मॉनीटरिंग की जा रही है।

पिछले दिनों नए प्रदेश प्रभारी पीसी मित्तल ने इंदौर में संभाग के प्रदेश प्रभारी और जिलाध्यक्षों की बैठक लेकर साफ निर्देश दे दिए थे कि हर हाल में वे सदस्यता अभियान को तेजी से चलाएं। ताकि किसी भी स्तर पर कोताही न रहे। इस अभियान को विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखते हुए काम किया जाए।

बटुक की राजनीति जानने वाले अभी चुप

इधर शहर में कहा जाता है कि पूर्व विधायक बटुकशंकर जोशी की राजनीति अलग ही चलती है। इसलिए कोई भी इस बात से आश्चर्य चकित नहीं है कि वे किसी नए नाम पर दांव खेल जाएं। पिछले दिनों बुधवारिया क्षेत्र के एक दावेदार के समर्थकों ने उनके सामने उन्हें शहर अध्यक्ष बनाने के लिए मनाने की कोशिश की थी।

इसमें वे देवास गेट के नेता के नाम पर भी सहमत हो गए थे। ताकि शहर में कांग्रेस जिंदा रह सके। दोनों के पास ही लंबी टीम होने से विधानसभा के साथ ही नगर निगम चुनाव में भी जान आने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

52 ने पंजीयन कराया, यात्रा में पहुंचे 107 लोग

Sun Jan 23 , 2022
स्मार्ट सिटी ने निकाली हेरिटेज वॉक उज्जैन, अग्निपथ। शहर के लोगों में सुबह के वक्त पैदल चलने और स्वास्थ्य को बेहतर रखने का संदेश देने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी कंपनी ने हेरिटेज वॉक का आयोजन किया। हेरिटेज वॉक के लिए ऑनलाइन केवल 52 लोगों ने पंजीयन कराया था। सुबह […]

Breaking News