उज्जैन, अग्निपथ। माकड़ौन थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बालिका के साथ उसके ही मंगेतर द्वारा एक माह तक दुष्कर्म करने और फिर सगाई तोड़ने का शर्मनाक मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
सगाई के बाद डरा-धमका कर किया शोषण
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी को पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी सगाई शाजापुर जिले के ग्राम लड़ावत निवासी विकास पिता अंतरसिंह के साथ हुई थी। सगाई के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। 5 नवंबर 2025 को जब पीड़िता के परिजन घर से बाहर गए थे, तब आरोपी विकास उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को बताने पर सगाई तोड़ने की धमकी दी और डरा-धमकाकर लगभग एक माह तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
सगाई तोड़ने पर उजागर हुआ मामला
हैरानी की बात यह है कि लगातार शोषण करने के बाद आरोपी ने सगाई भी तोड़ दी। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी सच्चाई बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेष टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
एएसपी देहात अभिषेक रंजन और एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप राजपूत ने एक विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास सोलंकी को माकड़ौन क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
