राइफल डकैती कांड का फरार आरोपी पकड़ाया

65 हजार रुपए था इनाम, चार जिलों सहित गुजरात पुलिस को थी तलाश

धार, अग्निपथ। टांड पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए कुख्यात बदमाश सोमला व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। सोमला पर 65 हजार रुपए का इनाम है। मप्र के पांच जिलों सहित गुजरात पुलिस को सोमला की तलाश थी। सोमवार को डकैती की फिराक में बैठे सोमला को टांडा पुलिस ने पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक धार आदित्य प्रतापसिंह के निर्देशन में फरारी, स्थायी वारंटी बदमाशों, इनामी बदमाशों को पकडऩे के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे है। इसी तारतम्य में एएसपी देवेंद्र पाटीदार व एसडीओपी कुक्षी दिलीपसिंह बिलवाल के मार्गदर्शन में कुख्यात बदमाश सोमला पिता बदनसिंह निवासी कदवाल-बोरी तथा उसके एक साथी अंबाराम पिता गंगाराम निवासी गातला-टांडा को पकडऩे टांडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

24 जुलाई को टांडा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश टांडा-आंबासोटी घाट पर लूटपाट की योजना बना रहे है। सूचना पर टांडा पुलिस द्वारा घाट पर लूटपाट, डकैती की योजना बनाने वाले आरोपियों की घेराबंदी करने व पकडऩे के लिए 2 टीम बनाई गई। दोनों टीम योजनानुसार आरोपियों की पकडऩे के लिए घाट पर पहुंची। आरोपी पुलिस को देखकर 2 बाइक से भागने लगे। घेराबंदी कर एक बाइक पर सवार दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।

जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों में सोमला पिता बदनसिंह निवासी बड़ी कदवाल थाना बोरी आलीराजपुर तथा अंबाराम पिता गंगाराम निवासी गातला-टांडा है। इनके कब्जे से एक देशी कट्टा मय जिंदा कारतूस, एक फालिया, गोफन व एक बाइक जब्त की। दोनों आरोपियों को गिरने से चोट आई है। आरोपी रमेश निवासी पिपलदलिया, राजु पिता रेवसिंह निवासी काकड़वा व भुवान निवासी पिपलवा मौके से फरार हो गए। पुलिस ने टांडा में आरोपियों की विरूद्ध धारा-399 व 402 भादवि व 25-27 आम्र्स एक्ट में केस दर्ज किया।

18 अपराध दर्ज है सोमला पर

आरोपी सोमला की गैंग है और वह गैंग का लीडर है। आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर सहित गुजरात के कई थानों में सोमला ने लूट-डकैती के अपराध किए है। कुल 18 अपराध सोमला पर दर्ज है। इनमें 7 डकैती, 4 लूट व 1 हत्या का प्रयास का केस भी शामिल है। इस कारण सोमला पर 65 हजार रुपए का इनाम है। सोमला वर्ष-2017 से फरार था।

इन बड़ी वारदातों में था शामिल

वर्ष 2021-22 में सोमला की गैंग ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। इनमें 6 जनवरी 2022 को इंदौर के बडग़ौदा में कर्नल एकेडमी स्कूल के चौकीदार के घर डकैती की। इसमें चौकीदार की 12 बोर की राइफल भी लूट ली थी। इसमें पुलिस से आमना-सामना भी हुआ। जिसमें पुलिस की भी इंसास राइफल छिनकर ले गए थे।

हालांकि इंसास राइफल पुलिस ने पूर्व में बरामद कर ली थी। 17 दिसंबर 2021 को सोमला व उसकी गैंग ने सांवेर के एमा बडौदिया में संदीप वर्मा के घर पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसी रात में बेटमा में राजाराम पिता रामरतन निवासी बछड़ावदा की बाइक पर टंगी 12 बोर की बंदूक भी बदमाश चुराकर ले गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

निम्बोदियाकला ग्राम पंचायत में उप सरपंच चुनाव में धांधली

Mon Jul 25 , 2022
नवनिर्वाचित सरपंच ने जीआरएस पर आरोप लगाया नागदा, अग्निपथ। ग्राम पंचायत निम्बोदिखकला में सोमवार को उप सरपंच के चुनाव को लेकर विरोध के स्वर उभरे गए। सरपंच की सुचना पर नागदा थाने से पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। सरपंच ने ग्राम सचिव और जीआरएस पर अनियमितता का आरोप लगाते […]