शराब के लिए चाकू अड़ाकर ठेकेदार से चेन झपटी, गिरफ्तार

युवक को ऐसे उस्तरे मारे की 45 टांके लगाना पड़े, चेन स्नेचिंग का हो सकता खुलासा

उज्जैन, अग्निपथ। लक्ष्मीनगर के एक बदमाश ने देर रात शराब पीकर आतंक मचा दिया। उसने राहगीर से मारपीट के बाद ठेकेदार से चाकू की नोक पर सोने की चेन छीन ली। बाद में मक्सीरोड़ पर युवक को उस्तरे से मारकर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सदावल निवासी लाल बहादुर पिता नंदकिशोर चौधरी से गुरुवार रात करीब 8 बजे लक्ष्मीनगर निवासी खुशवंत उर्फ डब्बू पिता शिव मंगलसिंह ठाकुर (26) ने क्षेत्र में रोककर शराब के लिए रुपए मांगे। नहीं देने पर जमकर मारपीट कर दी। उसने रात करीब 10.30 बजे क्षेत्र में ही रहने वाले ठेकेदार ब्रज मोहन पिता बाबूलाल यादव (52) को छत्तीस क्वार्टर के पास रोका और चाकू मारने का प्रयास किया। यादव हमले से बच गए, लेकिन डब्बू उनके गले से एक तोला वजनी सोने की चेन छीनकर ले गया। माधवनगर पुलिस ने केस दर्ज कर डब्बू को पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार डब्बू ने एक अन्य से भी चेन छीनने का प्रयास किया था। हालांकि उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस उक्त पीडि़त को भी तलाश रही है।

परिजनों ने किया किनारा

पुलिस रिकार्ड अनुसार डब्बू पर पूर्व में 17 केस दर्ज हैं। आदतन होने के कारण उस पर पूर्व में रासुका भी लगाई जा चुकी है। लेकिन चेन छीनने की वारदात को देखते हुए कुछ समय पूर्व हुई स्नेचिंग में भी उसके लिप्त होने की संभावना है। पूछताछ के बाद वारदातों का खुलासा हो सकता है। इधर डब्बू को लगातार अपराध करते देख परिजनों ने उससे संबंध विच्छेद कर विज्ञप्ति जारी कर दी। याद रहे डब्बू के कारण उसके परिजनों का मकान पुलिस प्रशासन तोड़ चुका है।

पंवासा में रगंदारी, मारे उस्तरे

बहादुरगंज निवासी कालू पिता भगतसिंह ठाकुर (20) रात करीब 12.30 बजे पंवासा मल्टी में दोस्त को छोडऩे गया था। यहां शराब के नशे में पहुंचे डब्बू ने उसे रोककर बेवजह गाली गलौज करने लगा। कालू ने विरोध किया तो उसने पीठ और पैर पर उस्तरे से हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल कालू को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे 45 टांके लगाना पड़े। वारदात के बाद डब्बू परिचित के यहां जाकर सो गया। पंवासा पुलिस ने केस दर्ज कर उसे तलाशकर दबोचा और फिर माधवनगर के हवाले कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पंवासा के पप्पू से आज बात करेंगे प्रधानमंत्री

Fri Aug 27 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा में रहने वाले पप्पू गोयल, 10 साल पहले इन्होंने दिहाड़ी मजदूरी से कुछ रुपए बचाकर एक प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट पर जैसे-तैसे एक कच्चा मकान बनाया और पत्नी व दो बच्चों के साथ यहां रहने चले आए। फ्लैक्स बनाने की एक यूनिट पर मजदूरी करने वाले […]