शिरिन को जेल से रिमांड पर लाएगी पुलिस, कोर्ट में दिया आवेदन

दो लोगों से ठगे रुपए बरामदगी के लिए प्रयास

उज्जैन,अग्निपथ। मानव अधिकार व महिला सुरक्षा संस्था पदाधिकारी बन लाखों रुपए ठगने की आरोपी शिरिन हुसैन को पुलिस जेल से रिमांड पर लाएगी। इस संबंध में महिला थाने ने दो प्रकरणों में पीडि़तों की राशि बरामदगी का हवाला देते हुए शुक्रवार को न्यायालय में आवेदन दिया है।

देवासरोड स्थित आदर्श नगर निवासी शिरिन हुसैन उर्फ शाबाना पति शेख अनम अंतराष्ट्रीय मानव अधिकार, महिला राष्ट्रीय सुरक्षा संस्था राष्ट्रीय महासचिव व जिला विधिक (पीएलवी) कांउसलर बताकर रुपए एंठने के मामले में 16 सितंबर से जेल में है।

उस पर महिला थाना पुलिस केसरबाग निवासी वर्षा पति सचिन विश्वकर्मा से 20 हजार रुपए और ब्यावरा की शहनाज पति अय्यूब से हजारों रुपए ऐंठने का केस दर्ज है। दोनों मामलों में उससे राशि रिकवर करना है। नतीजतन महिला थाने ने शुक्रवार को संबंधित कोर्ट में उसे प्रोडक्शन वारंट पर रिमांड देने का आवेदन दिया है।

याद रहे शिरिन पर लखनऊ निवासी इंटरनेशनल हयूमन राइट्स संस्था अध्यक्ष मधु यादव ने उनकी संस्था के फर्जी आई कार्ड बनाकर लोगों से ठगने और विरोध करने पर धमकाने का केस दर्ज कराया था। मामले में 11 सितंबर को पकड़ाने के बाद विभिन्न संस्थाओं की पदाधिकारी होने का हवाला देकर शादी, तलाक व समझौते के नाम पर डरा धमकाकर रुपए ऐंठने के विभिन्न थानों में पांच केस दर्ज हुए थे।

ऐसे बनाया था शिकार

पुलिस रिकार्डनुसार केसरबाग निवासी वर्षा पति सचिन विश्वकर्मा से शिरिन ने ससुराल पक्ष से न्याय दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपए लिए थे। बाद में पति से भी रुपए लेकर उसे धमकाया था। ब्यावरा की शहनाज से भी इसी तरह हजारों रुपए ऐंठे थे। उसकी पोल खुलने के बाद महिला थाने में केस दर्ज हुए थे, लेकिन रिकवरी नहीं हो पाई थी।

ऐसे दर्ज हुए केस

  • 1 सितंबर: मधु यादव ने शिरिन के खिलाफ एसपी को शिकायत की।
  • 8 सितंबर: शिरिन ने यादव के खिलाफ आवेदन दिया,लेकिन शिरिन पर केस दर्ज
  • 11 सितंबर: शिरिन गिरफ्तार। घर की तलाशी में संदिग्ध दस्तावेज मिले।
  • 12 सितंबर: शिरिन चार दिन के रिमांड पर लिया। पोल खुलना शुरू।
  • 13 सितंबर: वर्षा विश्वकर्मा व शहनाज ने उसके खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट की।
  • 14 सितंबर: ग्राम जंबूरा के कन्हैयालाल माली ने शादी कराने के नाम पर 13 हजार ठगने का केस पंवासा थाने में दर्ज कराया।
  • 15 सितंबर: ग्राम उमरिया के कृषक ईस्माईल पटेल ने पत्नी से विवाद पर 50 हजार ऐंठने की बडऩगर थाने में रिपोर्ट की।
  • 16 सितंबर: रिमांड अवधि खत्म होने पर शिरिन को जेल भेजा।

इनका कहना

दो मामलों में फरियादियों से ठगी गई राशि शिरिन से बरामद करना है इसलिए उसे जेल से रिमांड पर लाने के लिए कोर्ट में आवेदन दे रहे है। -रेखा वर्मा, टीआई महिला थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ब्लैकमेल मामले में महिला ने दिए कोर्ट में बयान, कहा समझौते का दबाव बनाकर मांगे थे 25 लाख रुपए

Fri Oct 22 , 2021
भाजपा नेता फरार, साथी गिरफ्तार, आज करेंगे पेश उज्जैन,अग्निपथ। पोहा फैक्ट्री मालिक पर लगे दुष्कर्म केस में उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को शुक्रवार सुबह नागझिरी पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि भाजपा नेता गिरफ्त में नहीं आ सका। वहीं मामले में पीडि़ता ने कोर्ट में भी बयान […]

Breaking News