सांसद के पड़ोसी के घर में चोर घुसेे

रिटायर्ड अधिकारी के निवास में किया प्रयास, तीन दिन में चौथी वारदात

उज्जैन, अग्निपथ। सेठीनगर क्षेत्र में चोरी की वारदात बढ़ती जा रही है। मंगलवार रात भी एक चोर ने सांसद अनिल फिरोजिया के पड़ोसी रिटायर्ड अधिकारी के यहां धावा बोला। जाली काटने के बाद पहली मंजिल पर पहुंचे चोर ने सामान बिखेरा, लेकिन कुछ ले जा नहीं पाया। बुधवार दोपहर घटना का पता चलते ही माधवनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

भक्तनगर निवासी मनोहर पिता बद्रीनारायण सोनी (62) सांची दुग्ध संघ के रिटायर्ड अधिकारी है और सांसद फिरोजिया के पड़ोस में रहते हैं। रात 11.30 बजे के बाद चोर ने ग्राउंड फ्लोर की खिडक़ी पर लगी मच्छर जाली काटकर कपड़े निकालने का प्रयास किया।

सफल नहीं होने पर वह दरवाजा खुला देख पहली मंजिल पर कमरे में पहुंचा और अलमारी व पलंग पेटी खंगाली, लेकिन यहां भी कुछ नहीं मिलने पर खाली हाथ लौट गया। बुधवार दोपहर घटना का पता चलते ही सोनी थाने पहुंच गए। जानकारी मिलते ही एसआई महेंद्र मकाश्रे ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

उन्होंने पड़ोस में सांसद फिरोजिया के घर के बाहर सीसी टीवी कैमरे लगे देख फुटेज निकलवाए और चोर का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया। मकाश्रे के अनुसार चोर संभवत: नशेड़ी है और खुला दरवाजा देख घुसा था। वहीं सोनी ने बताया कि पूर्व में भी उनके यहां तीन बार चोर खिडक़ी में से हाथ डालकर पर्स व मोबाइल ले जा चुके हैं।

अलमारी खोल कर की थी चोरी

सर्वविदित है दो चोरों ने रविवार रात सेठीनगर में चार जगह चोरी का प्रयास किया था। वह चोरी की राकेश शर्मा की कार छोड़ गए थे, लेकिन मेरूदंड अपार्टमेंट के पीछे रहने वाले दिलीप शामक के घर से लाखों का माल ले गए थे। पुलिस मामले में जांच कर ही रही थी कि सोमवार रात चोरों ने साईंधाम कॉलोनी में व्यापारी सतीश पाटीदार के घर को निशाना बना लिया।

यहां से चोर चाबी तलाशकर अलमारी खोलकर उसमें से लाखों का माल और साथ में उनकी कार ले गए थे। पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज निकाले, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका।

पाटीदार की कार मिली, चोरों का सुराग ट्रेन से

पाटीदार के घर हुई चोरी के सीसी टीवी फुटेज में टोपा व मुंह पर मास्क पहने दो बदमाश नजर कार ले जाते हुए नजर आए थे। पुलिस इसी आधार पर उन्हे तलाश रही थी कि पाटीदार की कार मंगलवार को देवासगेट स्थित टेलीफोन एक्सचेंज ऑफिस के पास से मिल गई।

यहां के फुटेज में दोनों बदमाश कार खड़ी कर पैदल स्टेशन तक जाते नजर आए। इस जानकारी के बाद पुलिस रेलवे स्टेशन के फुटेज से पता करने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस ट्रेन में सवार हुए। उसी आधार पर पुलिस उन्हें खोजने जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अनोखी लूट: साढ़े 32 हजार रुपए निकाल कर बेग लौटा गए लुटेरे

Wed Dec 8 , 2021
फायनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से वारदात,एएसपी पहुंचे मौके पर उज्जैन,अग्निपथ। नागदा की फायनेंस कंपनी के दो एजेंट से अनोखे तरीके से लूट हुई। नकाबपोश चार बदमाशों ने चाकू की नोक पर रोककर उनसे बेग छीना और उसमें से 32 हजार रुपए निकालकर बेग और मोबाइल वापस कर भाग गए। […]

Breaking News