सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का विरोध: साधु-संतों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ क्षेत्र में प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को शैव अखाड़ों के साधु-संतों ने मोर्चा खोल दिया। शैव शंभू संन्यासी मंडल की अगुवाई में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह से मुलाकात की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संतों ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के नाम पर अखाड़ों और आश्रमों के साथ समन्वय जरूरी है।

दत्त अखाड़ा परिसर में हुई संतों की बैठक

शैव शंभू संन्यासी मंडल के अध्यक्ष महंत रामेश्वर गिरी ने बताया कि ज्ञापन सौंपने से पहले दत्त अखाड़ा परिसर में संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संत समाज अपनी समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी के बारे में प्रशासन को अवगत कराएगा। बैठक के बाद संतों की टोली कलेक्टर कार्यालय पहुंची और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।

मूलभूत सुविधाओं और सर्वेक्षण की मांग

ज्ञापन में संतों ने मांग की है कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, आश्रमों के लिए बोरिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। संतों का कहना है कि आगामी ग्रीष्म ऋतु और मेले के आयोजन के बीच समय कम है, इसलिए प्रशासन को आश्रमों का त्वरित सर्वेक्षण कराना चाहिए। साथ ही, आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए शासन स्तर से राशि स्वीकृत कर उन्हें जल्द पूरा कराया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

नियम अनुसार अनुमति और शंकराचार्य प्रतिमा की स्थापना

संतों ने प्रशासन से मांग की है कि अखाड़ों और आश्रमों में नियमों के दायरे में रहकर निर्माण कार्य करने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा, कार्तिक मेला ग्राउंड के पास स्थित शंकराचार्य चौक पर भगवान शंकराचार्य जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग प्रमुखता से उठाई गई। संतों ने जोर दिया कि शासन के कार्यों में तेजी लाई जाए और अखाड़ों व आश्रमों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कटौती न हो।

ये प्रमुख साधु-संत रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के महंत सुरेशानंद पुरी, ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के महंत महावीर नाथ महाराज, महानिर्वाणी अखाड़े के श्री महंत श्याम गिरी, महंत मुकुंदपुरी, आह्वान अखाड़े के श्री महंत शेवा गिरी, आनंद अखाड़े के महंत समुद्र गिरी, अग्नि अखाड़े के महंत रामेश्वरानंद ब्रह्मचारी, सोहम आश्रम के महंत सत्यानंद महाराज, जूना अखाड़े के महंत परमानंद गिरी, महंत देव गिरी, चित्रकूट धाम के महंत वेदानंद और दादूराम आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानदास महाराज सहित कई प्रमुख संत मौजूद रहे।

Next Post

महाकाल मंदिर के रागी लड्डू प्रसाद पर भ्रामक वीडियो वायरल: मंदिर समिति ने दर्ज कराई एफआईआर

Fri Feb 27 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के काउंटर से विक्रय किए जाने वाले ‘रागी लड्डू’ प्रसाद को लेकर सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम आईडी ‘_roshan_yadavw’ पर इस संबंध में एक भ्रामक और गलत वीडियो जारी किया गया था। मंदिर प्रबंध समिति ने इस पर […]

Breaking News