रवि पुष्य योग में 11 जुलाई से गुप्त नवरात्रि का आरंभ

सप्तमी का क्षय होने 8 दिन की नवरात्रि, तीन रवि और एक सर्वार्थ सिद्धि योग

उज्जैन, अग्निपथ। आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से गुप्त नवरात्र का आरंभ होता है तथा देवी की गुप्त साधना का महापर्व देवी ग्रंथों में बताया जाता है। इस बार आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा 11 जुलाई रविवार को पुष्य नक्षत्र, हर्ष योग, बव करण एवं कर्क राशि के चंद्रमा की साक्षी में आ रही है। इस बार गुप्त नवरात्र का कालक्रम 8 दिन का रहेगा। क्योंकि सप्तमी तिथि का क्षय हो रहा है। साथ ही देवी के इन 8 दिनों में अलग-अलग प्रकार के नक्षत्र योग का अनुक्रम भी बन रहा है।

ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि जैसे 11 जुलाई को रवि पुष्य योग प्रात: 5.53 से अपर रात्रि तक रहेगा। साथ ही 12 जुलाई को बुध का आद्रा नक्षत्र में प्रवेश होगा। इसी मध्यरात्रि में रवि योग बनेगा जो अगले दिन 13 तारीख को अपर रात्रि तक रहेगा।

साथ ही 14 तारीख में भी रवि योग रहेगा एवं 16 तारीख में वैवस्वत सप्तमी के साथ सूर्य का कर्क राशि में प्रवेश होगा। 17 तारीख को शुक्र मघा नक्षत्र एवं सिंह राशि में प्रवेश करेगा। इसी दिन सर्वार्थ सिद्धि योग भी है। साथ ही यह दिन दुर्गा अष्टमी का भी रहेगा। 18 जुलाई को रविवार के दिन भड्डाली नवमी के साथ गुप्त नवरात्र का समापन होगा।

भागवत में गुप्त नवरात्रि के संदर्भ में विशेष

श्रीमद् देवी भागवत में आदि शक्ति की उपासना के लिए चार नवरात्रों का उल्लेख बताया गया है। जिसमें से दो प्रकट एवं दो गुप्त नवरात्रि हैं। प्रकट नवरात्रों में क्रमश: चैत्र एवं अश्विन तथा गुप्त नवरात्र में आषाढ़ एवं माघ माह माना जाता है। आषाढ़ माह की गुप्त नवरात्रि विशेष अनुक्रम को लिए हुए हैं।

क्योंकि इस दौरान ऋतु चक्र का प्रारंभिक परिवर्तन बताया गया है। इस दृष्टि से इस गुप्त नवरात्रि में साधक उपासक अपनी कार्य की सिद्धि के लिए विशेष अनुष्ठान में तत्पर रहते हैं। साथ ही यम, नियम, संयम का आश्रय लेकर के जनहित या राष्ट्रहित के संदर्भ में साधना करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

<span> थाने जाकर कांग्रेसियों ने की जिद: </span> केस दर्ज किया है तो हमें गिरफ्तार भी करो

Sun Jul 4 , 2021
सामूहिक गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना परिसर में दिया धरना जावरा, अग्निपथ। आंबा से दौलतपुरा तक की सडक़ के निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर ग्रामीणों के आंदोलन में राजनीति के शामिल होने के चलते ग्रामीणों पर केस दर्ज करने के विरोध में दौलतपुरा के ग्रामीणों ने रैली निकालकर […]