भोपाल, अग्निपथ। मध्य प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सीखने के स्तर को लेकर एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। राज्य शिक्षा केंद्र के मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान आकलन और नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले दूसरी से पांचवीं कक्षा तक के करीब 27 लाख 82 हजार विद्यार्थियों में से लगभग 80 प्रतिशत बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता हासिल नहीं कर पाए हैं। रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़े बताते हैं कि मात्र 20 प्रतिशत विद्यार्थी ही अपनी अपेक्षित कक्षा के स्तर पर खरे उतर पाए हैं।
तीसरी से नौवीं तक गिरता सीखने का ग्राफ
नीति आयोग की शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट में परख-2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि बड़ी कक्षाओं में पहुंचने पर बच्चों की सीखने की क्षमता में तेजी से गिरावट आती है। प्रदेश में तीसरी कक्षा के करीब 66 प्रतिशत बच्चे ही भाषा को अपेक्षित तरीके से समझ पा रहे हैं, जबकि गणित में यह उपलब्धि 62 प्रतिशत दर्ज की गई है। चिंता की बात यह है कि नौवीं कक्षा तक पहुंचते-पहुंचते यह स्तर और नीचे गिर जाता है। नौवीं में भाषा समझने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत सिमटकर 52 रह जाता है, वहीं गणित के बुनियादी सवाल हल करने में महज 36 प्रतिशत बच्चे ही दक्ष पाए गए हैं।
शिक्षकों की गुणवत्ता और प्रशिक्षण पर भी उठे सवाल
रिपोर्ट में विद्यार्थियों के कमजोर प्रदर्शन के साथ-साथ शिक्षकों की गुणवत्ता पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। ई-प्रोजेक्ट के अंतर्गत कराए गए मूल्यांकन में मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के कई शिक्षक अपने ही विषयों से संबंधित परीक्षा में 60 से 70 प्रतिशत तक अंक हासिल करने में विफल रहे। नीति आयोग ने इस स्थिति के लिए शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, बीएड पाठ्यक्रम में प्रायोगिक प्रशिक्षण के अभाव और शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण नहीं मिलने जैसे प्रमुख कारणों को जिम्मेदार ठहराया है।
दक्षता सुधार के लिए चलेगा विशेष कार्यक्रम
आकलनों में बच्चों का अधिगम स्तर कम पाए जाने के बाद अब राज्य शिक्षा केंद्र ने इस अंतर को पाटने की कवायद शुरू कर दी है। केंद्र की ओर से जारी निर्देश के तहत दूसरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए रेमेडिएशन कार्यक्रम यानी दक्षता सुधार के अंतर्गत अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएंगी। पहली कक्षा के बच्चों को इससे बाहर रखा गया है, क्योंकि इस स्तर पर उनका विद्यालयी अधिगम प्रारंभिक चरण में होता है। राज्य शिक्षा केंद्र की अपर मिशन संचालक काजल जावला ने बताया कि पांचवीं कक्षा में मूलभूत अवधारणाओं को स्पष्ट किया जा रहा है और बच्चों की दक्षता सुधारने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।
