कांग्रेस का असहयोग आंदोलन: शहर अध्यक्ष मैदान में, अब ब्लॉक अध्यक्ष असंमजस में

पीसीसी का निर्देश ब्लॉक अध्यक्ष बूथों पर जाकर चलाएं घर चलो, घर-घर चलो अभियान

उज्जैन, अग्निपथ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उज्जैन शहर के प्रत्येक बूथ पर जाकर घर चलो, घर-घर चलो अभियान चलाया जाना है। परन्तु शहर कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों के बीच चल रहे विवाद के चलते उत्तर विधानसभा में अभियान चलाने का मामला उलझ गया है।

ब्लॉक अध्यक्षों को अभियान की जानकारी ही नहीं है और शहर अध्यक्ष महेश सोनी ने भैरवगढ़ अभियान को शुरू करने की घोषणा कर दी है। यह वार्ड जीवाजीगंज ब्लॉक में आता है और अभियान शुरू होने की जानकारी ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश भाटी को नहीं है। भाटी का कहना है कि वे शहर से बाहर हैं। उनके पास अभियान की जानकारी नहीं है। एक फोन जरूर आया था, पर उनकी बात नहीं हो पाई थी।

इधर इस मामले में शहर अध्यक्ष महेश सोनी का कहना है कि ब्लॉक अध्यक्षों से पूछो की उनकी अभियान को लेकर क्या तैयारी है। अगर कोई बाहर है तो इससे कुछ नहीं होता है। अभियान को रोका नहीं जाएगा। हमारे पास बैकअप टीम है और अभियान कल पांच बजे से शुरू हो जाएगा। अब इससे असमंजस की स्थिति बन गई है। वैसे पीसीसी ने ब्लॉक अध्यक्षों को अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है।

शहर अध्यक्ष को एक दिन मॉनीटरिंग करने जाना है। परन्तु उज्जैन उत्तर में कमान शहर अध्यक्ष ने अपने हाथ में ले ली है। उत्तर विधानसभा में चार ब्लॉक और 32 से ज्यादा वार्ड आते हैं। यहां 350 से 400 के करीब बूथ हैं। वहीं दक्षिण विधानसभा में अभियान चलाए जाने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनी ने एक समन्वय समिति का गठन किया है।

इसमें राजेन्द्र वशिष्ठ, चेतन यादव, योगेश शर्मा,जयसिंह दरबार, अजीतसिंह, देवव्रत यादव, अशोक शर्मा, ओम भारद्वाज, सुंदर मालवीय, आत्माराम मालवीय, सुनील गोठवाल, दीपक मेहरे, बाबू दादा गोठवाल, अरूण रोचवानी, अंजू जाटवा, बद्री मरमट के साथ ही सभी ब्लॉक अध्यक्ष अशोक उदयवाल माधवनगर, हेमंत गोमे अंबेडकर, रमेश परिहार शास्त्रीनगर को बनाया गया है। जिसकी बैठक 2 फरवरी को दोपहर 2 बजे शहर कांग्रेस कार्यालय पर रखी गई है। जिसमें सभी की उपस्थिति अनिवार्य है। यह जानकारी कैलाश बिसेन ने दी।

उत्तर विधानसभा के दो वार्डों में 3 फरवरी से अभियान की घोषणा

महाराज वाडा कार्तिक चौक एवं दौलत गंज सराफा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा 3 फरवरी को शाम 5 बजे गुदरी चौराहे से मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के दिशा निर्देश पर कांग्रेस को आमजन से जोडऩे एवं आमजन की समस्याओं को जानने एवं उनका निदान करवाने के लिए कांग्रेस का घर चलो, घर घर चलो अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की गई है।

दौलत गंज सराफा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुजीब भाई सुपारी वाला एवं महाराज वाडा कार्तिक चौक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित श्रवण शर्मा ने बताया कि उपरोक्त अभियान प्रत्येक बूथ पर चलाया जाएगा एवं कांग्रेस के प्रारंभिक सदस्य भी बनाए जाएंगे।

साथ ही केंद्र सरकार की विफलताओं को राज्य सरकार की विफलताओं को बढ़ती हुई महंगाई,बड़े हुए पेट्रोल डीजल के दाम एवं वोट के लिए करोना काल में स्थगित किए गए बिजली के बिल की वसूली जो कि जनता के साथ धोखा है से आमजन को अवगत कराया जाएगा । उन्हें जागृत किया जाएगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल सहित दोनों सेक्टर के दोनों ब्लॉक के मंडलम सेक्टर के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है।

इनका कहना है

  • दौलतगंज और महाराजवाडा वार्ड में भले ही ब्लॉक अध्यक्ष अभियान चलाए। उनके अभियान शुरू करने के एक दो दिन बाद माया त्रिवेदी के वार्ड से हम अपना अभियान शुरू करेंगे। फिर देख लेना उनके काम करने का तरीका क्या है और हमारा काम करने का तरीका क्या है। भीड़ किसके साथ आती है। कौन ज्यादा काम करके बताता है। -महेश सोनी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष उज्जैन।
  • पीसीसी का निर्देश ब्लॉक अध्यक्ष को अभियान चलाने का मिला है। ब्लॉक अध्यक्ष अभियान का चला रहे हैं। हम उनका सहयोग कर रहे हैं। महेश सोनी जहां से जो अभियान चलाने चाहे वे स्वंतत्र हैं। -माया त्रिवेदी, महिला कांग्रेस महासचिव

Next Post

प्रथम तीर्थंकर श्री 1008 आदिनाथ भगवान का मोक्षकल्याणक मनायापंचामृत अभिषेक कर चढ़ाए निर्वाण लाडू

Tue Feb 1 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। जैन समाज के प्रथम तिर्थंकर श्री 1008 आदिनाथ भगवान का मोक्षकल्याणक जैन मंदिरो में मनाया गया। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर लक्ष्मीनगर में सुबह 8 बजे आदिनाथ भगवान के मोक्षकल्याणक पर पंचामृत अभिषेक सोत्साह संपन्न किया गया। इस अवसर पर श्रीजी को निर्वाण लाडू दिलीप सोगानी की और […]
Jain samaj aadinath nirvan ladu 010222