सिर्फ दो डोली उठी, तीसरी बहन के कंगन जल में बहायेंगे

1

हादसे के बाद उज्जैन में दुल्हन पक्ष के घर मातम, सादगी से किया दो बहनों का विवाह

उज्जैन। रविवार को एक साथ 3 बहनों के घर बसने थे। तीनों एक साथ विदा होने वाली थीं, लेकिन इन बेटियों के पिता का सपना बिखर गया। एक बेटी की दुनिया बसने से पहले ही उजड़ गई। खुशियों वाले घर में मातम छा गया। अब सिर्फ 2 जुड़वा बहनों की डोली उठी, लेकिन सबसे छोटी बहन के कंगन नदी में बहाए जाएंगे।

एक तरफ उज्जैन में लडक़ी वाले बारातियों के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, दूसरी तरफ राजस्थान से आ रही बारातियों से भरी कार कोटा के करीब चंबल नदी में जा गिरी। हादसे में कार में सवार दूल्हे समेत 9 लोगों की मौत हो गई। इधर खबर मिलते ही शादी वाले घर में हडक़ंप मच गया। जहां पलभर पहले खुशियां थी वहां मातम पसर गया। सुभाष कलोसिया की तीन बेटियों की शादी रविवार को होनी थी। इसमें जुड़वा बेटियों वर्षा (21) की बारात श्यामगढ़ से और दीपिका (21) की बारात रतलाम के ताल से आ रही थी। वहीं जया (20) की बारात राजस्थान के बरवाड़ा से आ रही थी।

सिसकियों में बदल गए शादी के गीत

घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। सब शादी की तैयारियों में लगे थे। परिवार के कुछ लोग बारात के स्वागत की तैयारियां करने में व्यस्त थे। इसी दौरान सूचना आई कि छोटी बेटी की बारात में शामिल कार चंबल नदी में गिर गई है। कार में दूल्हा अविनाश भी सवार था। इस खबर से पूरे घर का माहौल बदल गया। मंगल गीत की जगह रोने की आवाज आने लगी। छोटी बेटी जया ने सुध-बुध खो दी। घर में आए मेहमान गमगीन हो गए। परिवार के लोग पल-पल की जानकारी अपने मोबाइल से लेने लगे।

एक ही दिन होनी थी तीन बहनों की शादी

भेरुनाला में रहने वाले सुभाष और रानी कलोसिया की तीन बेटियों वर्षा, जया और दीपिका की शादी एक साथ एक ही दिन रखी गई थी। जिसमें से अब दो शादियां ही होंगी। विष्णु वाटिका में शादी समारोह का कार्यक्रम बेहद सादगी से होगा। इधर वाल्मीकि समाज के संत उमेश नाथ जी महाराज ने घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अब पूरे रीति-रिवाज से जया के कंगन और डोरे नदी में प्रवाहित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ेंः कोटा में हादसा-उज्जैन में भी मातम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सब इंस्पेक्टर ने महिला को बनाया बंधक; फ्लैट में रखकर एक महीने से कर रहा था दुष्कर्म

Sun Feb 20 , 2022
चिमनगंज थाने पहुंची महिला उज्जैन, अग्निपथ। भैरवगढ़ थाने में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर के खिलाफ इंदौर में रहने वाली एक महिला ने चिमनगंज मंडी थाने पहुंचकर मारपीट, बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। यह महिला दोपहर करीब 1 बजे अपने पति के साथ थाने पर पहुंची […]

Breaking News