चार दिन में पारे में 4 डिग्री का उछाल, पंखे भी बेअसर

सडक़ों पर उडऩे लगी धूल, जल्द ही 40 के ऊपर पहुंचने की संभावना

उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश में गर्मी का दौर शुरू होने के साथ ही उज्जैन में भी भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। मंगलवार का दिन सबसे अधिक गर्म रहा। यहां पर दिन का पारा 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर गर्मी महसूस हुई। यही हाल रात का भी रहा। हवाओं की दिशा बदलने से जल्दी ही पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। प्रदेश के मौसम विभाग ने 6 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक राजेंद्र गुप्त ने बताया कि हवा की दिशा उत्तर-पूर्व की होने की संभावना है। ऐसे में गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। दिन का पारा बढ़ सकता है। बीती रात का पारा भी बढ़त बनाते हुए 16.5 डिग्री पर पहुंच गया । श्री गुप्त ने बताया कि अभी बहुत ज्यादा गर्मी पडऩे की संभावना नहीं है।

मंगलवार को दिन में पंखे की हवा लोगों को नाकाफी लगी। गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही थी तो घर से बाहर सूर्य की किरणें शरीर को भेद रही थीं। सडक़ों पर दोपहर में चौपहिया वाहन धूल के गुबार उड़ाते हुए चल रहे हैं।

रात के पारे में भी उछाल

दिन का पारा जहां 12 मार्च को 34 डिग्री सेल्सियस पर था वहीं चार दिन में 15 मार्च को 38.3 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं रात का पारा भी लगातार बढ़त बनाए हुए है। 12 मार्च को जहां रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस रहा तो 15 मार्च को बढक़र 16.5 डिग्री पर पहुंच गया था। ऐसे में जहां चार दिन में दिन के पारे में 4.3 डिग्री की बढ़त हुई, वहीं रात के पारे ने भी उछाल भरते हुए 2.5 डिग्री की बढ़त बना ली।

पारे के चढ़ाव पर एक नजर

तारीख दिन रात
15 मार्च38.3 16.5
14 मार्च37.0 15.8
13 मार्च35.414.2
12 मार्च34.0 14.0
(नोट- दिन और रात का तापमान डिग्री सेल्सियस में, स्त्रोत-जीवाजीराव वेधशाला उज्जैन)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अधीक्षक की शिकायत करने कलेक्टर के पास पहुंचे जेल प्रहरी

Tue Mar 15 , 2022
कलेक्टर ने एडीएम से करवाई जांच उज्जैन, अग्निपथ। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के 6 प्रहरी मंगलवार दोपहर कलेक्टर आशीष सिंह के पास जेल अधीक्षक उषा राजे की शिकायत लेकर पहुंच गए। इन प्रहरियों का आरोप था कि उन्हें द्वेषता पूर्वक उज्जैन से बडऩगर ट्रांसफर किया गया, दो महीने भी नहीं बीते […]
bhairavgarh jail ujjain