केशव नगर में बनेगा नया अंडर पास

सांसद के साथ डीआरएम करेंगे मौका मुआयना

उज्जैन, अग्निपथ। हरिफाटक ओवर ब्रिज के नीचे पुराने रेलवे क्रासिंग पर जल्द ही अंडर पास बनाया जा सकता है। हरिफाटक ब्रिज पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए यह उपाय खोजा गया है। अंडर पास निर्माण के लिए सांसद, डीआरएम और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बातचीत हो चुकी है। जल्द ही राज्यशासन की ओर से इस अंडर पास का प्रस्ताव रेलवे को भेजा जाएगा।

पिछले दिनों सांसद अनिल फिरोजिया ने डीआरएम विनीत गुप्ता के बीच संसदीय क्षेत्र के विभिन्न मुद्दो को लेकर बातचीत हुई थी। इसी बैठक में हरिफाटक ओवर ब्रिज के नीचे केशव नगर पुराने क्रासिंग पर अंडर पास बनाने को लेकर भी चर्चा की गई थी। सांसद अनिल फिरोजिया के मुताबिक केशव नगर में अंडर पास बनाने से हरिफाटक ब्रिज पर लगने वाले जाम की स्थिति का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।

जल्द ही सांसद खुद डीआरएम विनीत गुप्ता के साथ मिलकर प्रस्तावित अंडरपास स्थल का मुआयना करने जाएंगे। गौरतलब है कि हरिफाटक ओवर ब्रिज बनने से पहले केशव नगर में नीलगंगा थाने के पास पुराना गेट वाला रेलवे क्रासिंग हुआ करता था। ब्रिज बनने के बाद रेलवे ने इसे बंद कर दिया था।

महाकाल में बनेगा मीडिया सेंटर

महाकालेश्वर मंदिर परिसर में पुराने प्रवचन हॉल के स्थान पर जल्द ही मीडिया सेंटर भी बनाया जाएगा। कलेक्टर आशीष सिंह ने मीडिया सेंटर की प्लानिंग के लिए आर्किटेक्ट नितिन श्रीमाली को डिजाइन तैयार करने को कहा है। उज्जैन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की यात्रा के दौरान स्थानीय मीडियों को कवरेज की अनुमति नहीं दिए जाने के मुद्दे पर विरोध जताने के लिए स्थानीय मीडियाकर्मियों का एक दल कलेक्टर आशीषसिंह से मुलाकात करने पहुंचा था।

मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान ही महाकालेश्वर मंदिर में मीडिया सेंटर बनाने पर भी बात की गई। कलेक्टर ने तत्काल ही आर्किटेक्ट से चर्चा की और उन्हें मीडिया सेंटर की डिजाइन तैयार करने को कह दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

649 के इंटरव्यू, 217 को मिली नई जॉब

Tue May 31 , 2022
विक्रम विवि के जॉब फेयर में अब तक 2 हजार 639 के पंजीयन उज्जैन, अग्निपथ। विक्रम विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में आयोजित किए जा रहे कॅरियर मार्गदर्शन और जॉब फेयर में मंगलवार को दूसरे दिन तक 2 हजार 639 विद्यार्थियों ने अपने पंजीयन कराए है। जॉब फेयर में शामिल होने […]