कायथा में पंचायत चुनाव परिणाम ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

जनपद में दो वार्ड भाजपा से छीने

कायथा, (दिनेश शर्मा) अग्निपथ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत यहां 8 जुलाई को हुए मतदान के परिणामों ने अभी तक के सभी अनुमानों को झुठलाते हुए सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। जनपद, और सरपंच पद पर क्षेत्र में कई दिग्गज नेताओं की हार हुई है तो जनता ने कई युवा चेहरों पर भी भरोसा जताया है। परिणामों ने जहां भाजपा को राहत दी है तो वहीं कांग्रेसी खेमे को चिंतित कर दिया है।

कायथा के सरपंच पद पर जितेंद्रसिंह सिसौदिया छोटा रावला की 2 हजार 271 मतों से ऐतिहासिक विजय हुई है। सिसौदिया ने जीत के अभी तक सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए जनता का समर्थन हासिल किया है। माना जा रहा है कि तराना विधानसभा क्षेत्र में सरपंच पद पर सिसौदिया की जीत पंचायत चुनाव में सरपंच पद पर सबसे बड़ी जीत है। यहां पर जितेंद्र सिंह सिसौदिया को 4 हजार 793 में से 3 हजार 392 मत मिले हैं। उनके प्रतिद्वंदी शिवराज सिंह सिसोदिया को मात्र 1 हजार 121 मत प्राप्त हुए हैं।

जनपद पंचायत के वार्ड-23 में बड़ा उलटफेर

कायथा के ही तराना जनपद पंचायत के वार्ड-23 में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भाजपा के दिग्गज किसान नेता नारायणसिंह गुर्जर ने भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र राठौर एवं कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी गोपाल जाट को करीब 800 से ज्यादा मतों से हराकर चुनाव जीता है। कांग्रेस प्रत्याशी जाट दूसरे तो भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ राठौर यहां तीसरे नंबर पर रहे हैं।

जनपद के ही वार्ड-24 से भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सौदानसिंह सिसौदिया कांग्रेस के कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णपालसिंह सोलंकी से हार गए। दोनों में वोट का अंतर 700 से ज्यादा रहा। तराना जनपद पंचायत अध्यक्ष सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद सभी की नजर इसी जनपद के वार्ड पर टिकी हुई थी। सोलंकी के जीत के बाद वो कांग्रेस की ओर से जनपद पंचायत अध्यक्ष के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। इसके अलावा जनपद के वार्ड- 25 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी मोड़ सिंह सिसोदिया ने भाजपा के दिग्गज नेता शेरसिंह को परास्त कर चुनाव जीत लिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में युवा चेहरों की धूम

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणामों में आसपास के क्षेत्रों से जो परिणाम आए हैं उसमें युवा चेहरों की धूम मची हुई है। ग्राम पंचायत पिपलिया-कायथा के सरपंच पद पर सांसद प्रतिनिधि गुड्डू पांडे, ग्राम पंचायत मल्लूपुरा-मोलगा में सरपंच पद पर युवा रामपाल सिंह सोलंकी, ग्राम पंचायत खारपा-शिवपुरा सरपंच पद पर युवा हाकम सिंह गुर्जर, ग्राम नलेश्री में सरपंच पद पर युवा जितेश मालवीय, काठबड़ौदा सरपंच पद पर रिंकू कुमावत, खजुरिया पंचायत में गब्बर सिंह, ग्राम पंचायत सादबा-मंडली में मेहरबान सिंह विजय हुए हैं।

जिला पंचायत वार्ड में 25 सालों में पहली बार कांग्रेस हारी

कायथा के उज्जैन जिला पंचायत के वार्ड-8 में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली जिला पंचायत की इस वार्ड पर 25 सालों के बाद भगवा लहराया है। कांग्रेस की दिग्गज नेता रही और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की नेत्री पुष्पा चौहान यहां से दो बार, वर्तमान विधायक महेश परमार एक बार इस वार्ड से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्तमान में इस वार्ड से कांग्रेस के बाबूलाल पाटीदार जिला पंचायत सदस्य थे।

25 साल के बाद भारतीय जनता पार्टी के युवा चेहरे ओमप्रकाश राजोरिया ने कांग्रेस के युवा उम्मीदवार प्रशांत सिसौदिया को करीब 1 हजार 100 मतों से परास्त कर इस वार्ड में भाजपा का परचम फहराया है। कांग्रेस के गढ़ को ध्वस्त करने वाले ओम राजोरिया, अब 2023 विधानसभा चुनाव में तराना विधानसभा सीट से भाजपा का चेहरा भी हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राजनीतिक दबाव में कांग्रेस नेताओं पर लादे झूठे प्रकरण

Sun Jul 10 , 2022
कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन, प्रकरण वापस लेने की मांग उज्जैन, अग्निपथ। राजनीतिक दबाव के कारण कांग्रेस विधायक, कांग्रेस नेत्री एवं समाजसेवी पर दर्ज हुए झूठे प्रकरण के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष माजिद लाला के नेतृत्व में […]