कैसे करें नौकरी: बेगमबाग से महाकाल प्रशासनिक कार्यालय आना कर्मचारियों के लिए हुआ मुश्किल

ujjain incomplete road 15 07 22

पुलिस कंट्रोल रूम दे रहा प्रवेश की अनुमति, वीआईपी और प्रोटोकाल प्राप्त दर्शनार्थी को भी नहीं दे रहे प्रवेश

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में ही श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को प्रति वर्ष दर्शन की परेशानी से जूझना पड़ता है। मंदिर की किलेबंदी किए जाने और जिला प्रशासन द्वारा दर्शन के लिए आने जाने के मार्ग तय किए जाने के बाद भी तालमेल के अभाव में वीआईपी दर्शनार्थी और मंदिर में नौकरी करने वाले कर्मचारियों को पुलिसकर्मी बेगमबाग मार्ग से प्रशासनिक कार्यालय तक आने नहीं दे रहे हैं। ऐसे में वीआईपी शीघ्र दर्शन टिकट अथवा सामान्य श्रद्धालुओं के साथ लाइन में लगकर दर्शन कर रहे हैं। वहीं वीआईपी को लड्डू प्रसाद भी नहीं मिल पा रहा है।

सामान्य और 250 रु. शीघ्र दर्शन टिकटधारियों को लंबा चलकर दर्शन करने में परेशानी तो आ ही रही है। लेकिन अब इसका शिकार वीआईपी और कर्मचारी भी हो रहे हैं। कलेक्टर द्वारा वीआईपी, प्रोटोकाल प्राप्त दर्शनार्थी और प्रशासनिक कार्यालय की ओर नौकरी करने वाले कर्मचारियों के प्रवेश के लिए बेगमबाग से फेसिलिटी सेंटर-2 का मार्ग तय किया गया है। लेकिन उक्त किसी को भी इस मार्ग से पुलिसकर्मियों द्वारा प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। तालमेल के अभाव में केवल पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा अनुमति दिए जाने के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है।

शुक्रवार को प्रशासनिक कार्यालय और प्रोटोकाल कार्यालय में नौकरी करने वाले कर्मचारियों ने यहां से प्रवेश करने की कोशिश की तो उनको पुलिसकर्मियों का रटारटाया जवाब मिला। उनका कहना था कि पहले पुलिस कंट्रोल रूम से अनुमति दिलवाओ, तब प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में सुबह 6 बजे नौकरी पर आने वाले कर्मचारियों को माधव सेवा न्यास के अंदर से प्रवेश कर अपनी नौकरी पर बमुश्किल पहुंचना पड़ा। यहां पर भी उनकी भेंट पुलिसकर्मियों से हो गई, जिन्होंने रोकने का प्रयास किया।

माधव सेवा न्यास पार्किंग पहुंच मार्ग पर बेरिकेडिंग

दैनिक अग्निपथ ने पहले ही इस बात को स्पष्ट कर दिया था कि प्रशासनिक कार्यालय पहुंचने का माधव सेवा न्यास की पार्किंग से होकर जाने वाले मार्ग को बेरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। ऐसे में यहां से न तो वीआईपी और न ही प्रशासनिक कार्यालय अथवा प्रोटोकाल कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारी यहां तक पहुंच पा रहे हैं। बाकी बचा बेगमबाग वाला मार्ग, यहां पर तैनात पुलिस कर्मी आदेश नहीं मिलने के कारण किसी को भी इस मार्ग से अंदर प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं।

वीआईपी दर्शनार्थी लड्डू प्रसाद कहां से लें

वीआईपी दर्शनार्थी अथवा प्रोटोकाल प्राप्त दर्शनार्थी फेसिलिटी में अलग से बनाए गए पांडाल से प्रवेश कर शहनाई गेट पहुंच रहा है। यहां से उसको मार्बल गलियारा घुमाकर सभामंडप और यहां से नंदीहाल में लगे हुए बेरिकेड्स के अंदर से गणपति मंडपम के बेरिकेड नंबर-1 में पहुंचाया जा रहा है। उनकी वापसी भी इसी मार्ग से हो रही है। ऐसे में रास्ते में हीं पर भी लड्डू प्रसाद काउंटर नहीं होने के कारण दर्शनार्थी खाली हाथ वापस जा रहे हैं। मंदिर के अंदर के केवल निर्गम द्वार के पास स्थित काउंटर नंबर-3 से ही लड्डू प्रसाद का विक्रय किया जा रहा है। यहां तक उनकी पहुंच नहीं हो पाती। एक प्रसाद काउंटर प्रोटोकाल कार्यालय के पास स्थापित किए जाने की दरकार है।

कर्कराज मंदिर के पास पार्किंग, बेगमबाग तक कैसे पहुंचे

वीआईपी दर्शनार्थियों के वाहन पार्किंग की सुविधा कर्कराज मंदिर अथवा त्रिवेणी संग्रहालय के पास रखी गई है। वाहन पार्क करने के बाद ई रिक्शा उपलब्ध नहीं होने के कारण दर्शनार्थी बेगमबाग तक जाने की अपेक्षा 250 रु. शीघ्र दर्शन टिकट खरीदकर हरसिद्धि मंदिर से बेरिकेड में प्रवेश कर दर्शन कर रहा है। जानकारी में आया है कि आरटीओ 200 ई रिक्शा उपलब्ध करवाएगा। पूरा प्रोसेस होने के बाद भी दर्शनार्थी को ई रिक्शा उपलब्ध हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हाउसिंग बोर्ड का बाबू रिश्वत लेते पकड़ाया

Fri Jul 15 , 2022
देवास कोर्ट भृत्य से नामांतरण के लिए मांगे थे 20 हजार उज्जैन,अग्निपथ। लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर मप्र हाउसिंग बोर्ड के एक बाबू को कार्यालय में 10 हजार रुपए लेते ट्रेप किया। आरोप है उसने देवास न्यायालय के भृत्य से मकान नामांतरण के लिए 20 हजार रुपए मांगे थे। देवास […]
ujjain lokayukt traped housing board clerk 15 07 22