धार, अग्निपथ। जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुणावद स्थित तिरुपति होटल पर गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तू-तू मैं-मैं के बाद चले चाकू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुणावद स्थित तिरुपति होटल पर नियामतखेड़ी निवासी विकास कायस्त और गुणावद निवासी गोलू के बीच पुरानी रंजिश को लेकर अचानक कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के समय सभी लोग अत्यधिक शराब के नशे में थे। देखते ही देखते तू-तू मैं-मैं ने उग्र रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई। हमले में विकास कायस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल धार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बीच-बचाव में दो अन्य युवक भी हुए घायल
इस खूनी संघर्ष और बीच-बचाव के दौरान गुणावद निवासी सुनील सबनेर (38) और पीपल्दा निवासी बलराम मालवीय (35) भी चाकू लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए धार के भोज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सादलपुर थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इमरान (पिता इकबाल) को हिरासत में ले लिया है। वहीं, घटना से जुड़े दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस होटल कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मुख्य वार किसने किया था।
गांव में पुलिस बल तैनात, फरार आरोपियों की तलाश तेज
वारदात के बाद गांव में पनपे तनाव को देखते हुए डीआरपी लाइन धार और नजदीकी थानों से अतिरिक्त पुलिस बल गुणावद में तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का बयान
“पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं घटना से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।” — पारुल बेलापुरकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, धार

