मवेशी सौदे के विवाद में युवक ने दराते से की वृद्ध की नृशंस हत्या

सीहोर पुलिस ने 12 घंटे में किया आरोपी को गिरफ्तार

सीहोर, अग्निपथ। व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और नुकसान का आक्रोश एक खूनी वारदात में बदल गया। थाना मंडी अंतर्गत ग्राम मुस्कुरा में एक युवक ने मवेशी कारोबार से जुड़े वृद्ध पर दराते से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने भोपाल के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सीहोर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अज्ञात हमला और संदेहास्पद कॉल

घटना 6 अक्टूबर 2026 की रात की है, जब सीताराम वर्मा पिता हजारी लाल अपने खेत पर बने मकान के दिलान में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उनके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे और सिर व मुंह से खून बह रहा था। घायल वृद्ध ने पुलिस को बताया कि शाम के समय उनके मोबाइल पर 93 से शुरू होने वाले नंबर से तीन बार फोन आया था और कॉल करने वाला व्यक्ति उनकी लोकेशन पूछ रहा था। उसके तुरंत बाद उसी व्यक्ति ने मौके पर पहुंचकर दराते से उन पर हमला किया। सीताराम को तत्काल जिला अस्पताल सीहोर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हमीदिया और तत्पश्चात सनशाइन अस्पताल भोपाल रेफर किया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

रंजिश की वजह: भैंस की जगह गाय का सौदा

पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने संदिग्ध राजकुमार पिता देवसिंह नाथ (20 वर्ष, निवासी गुडभेला नापली) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक और आरोपी का परिवार मवेशी कारोबार में था। आरोपी पक्ष को भैंस बेचनी थी, लेकिन सीताराम वर्मा ने उन्हें गाय बेच दी। इस सौदे से आरोपी को आर्थिक नुकसान हुआ, जिससे आक्रोशित होकर उसने हसिये (दराते) से हमला कर सीताराम की हत्या कर दी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महिदपुर के मुख्य बाजार में भीषण आग, जूता-चप्पल दुकान का 15 से 20 लाख रुपये का माल खाक

Fri Oct 9 , 2026
महिदपुर, अग्निपथ। महिदपुर नगर के मुख्य बाजार स्थित गांधी मार्ग में शुक्रवार तड़के एक जूता-चप्पल दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस भीषण हादसे में दुकान में रखा लगभग 15 से 20 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दमकल की गाड़ियों और स्थानीय निवासियों ने करीब एक […]

Breaking News