नगर निगम का ठेकेदार पलटा, कहा- मैंने जहर खाया ही नहीं

नगर निगम

अखबार में वकील के माध्यम से विज्ञप्ति जारी कर किया खंडन

उज्जैन, अग्निपथ। कार्तिक मेला मैदान में कांक्रीट का काम करने वाले नगर निगम का ठेकेदार जावेद पिता नन्हें खान ने पलटी मार दी है। जावेद खान ने मंगलवार को एक अखबार में अपने वकील के माध्यम से सार्वजनिक रूप से सूचना जाहिर करवाई है कि मैंने कभी जहर खाया ही नहीं था। उल्टी-दस्त लगने और कमजोरी की वजह से मेरी तबियत बिगड़ी थी।

कार्तिक मेला मैदान में कांक्रीट का काम करीब 4 करोड़ रुपए का है। इस काम के लिए नगर निगम के तत्कालीन अधिकारियों ने बिना राज्यशासन के सक्षम अधिकारी की स्वीकृति लिए ही वर्क आर्डर जारी कर दिया था। नगर निगम से देवास के ठेकेदार रियाजुद्दीन को यह काम दिया गया था। रियाजुद्दीन की जगह उज्जैन में जावेद पिता नन्हें खान ने यह काम किया था। राज्यशासन की सक्षम स्वीकृति के अभाव में इस काम का भुगतान रोक दिया गया था।

29 अप्रैल को नगर निगम प्रशासनिक कार्यालय पर भुगतान के लिए अधिकारियों से बात करने पहुंचे ठेकेदार जावेद खान की एकाएक तबियत बिगड़ गई थी। तब निगम की बिल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दावा किया था कि भुगतान नहीं मिल पाने की वजह से जावेद खान ने जहर खा लिया है। बिल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसको लेकर नगर निगम के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था। अब खुद जावेद खान ने ही इस मामले में हाथ पीछे खींच लिए है।

एड्वोकेट अली हैदर खान के हवाले से अखबार में प्रकाशित कराई गई एक जाहिर सूचना में जावेद खान ने अपना पक्ष रखा है। जावेद खान ने कहा है कि मैंने कभी जहर खाया ही नहीं था और न ही नगर निगम की छबि धूमिल करने का प्रयास किया।

ये अंदर की बात है

नगर निगम में भले ही जनप्रतिनिधियों का नया बोर्ड काबिज हो गया है, बावजूद इसके अधिकारियों के बीच अंदर ही अंदर कई तरह की खिचड़ी पक रही है। इस बात की भी चर्चा है कि निगम के वर्तमान कुछ अधिकारियों ने अपनी सीआर बिगडऩे के डर से ठेकेदार पर दबाव बनाकर यह सफाई दिलवाई है।

ऐसा करके तब ठेकेदार जावेद खान के समर्थन में आंदोलन करने वाले बिल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को ही झूठा साबित कर दिया गया है। जावेद खान का कार्तिक मेले के काम वाले भुगतान का एक बड़ा हिस्सा अब भी फंसा हुआ है।

बिल्डर एसोसिएशन से बाहर होगा ठेकेदार

ठेकेदार जावेद खान से जुड़े घटनाक्रम में बिल्डर एसोसिशन ने तब उसका पूरा साथ दिया था। जावेद के समर्थन में आंदोलन भी किया गया था। बिल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारी आयुक्त तक से भिड़ गए थे। बिल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष नीलेश अग्रवाल भाया ने कहा कि- इस बात की पूरी संभावना है कि ठेकेदार जावेद पर किसी तरह का दबाव आया होगा।

हमने उसकी लड़ाई में साथ दिया लेकिन उसने अब पूरी एसोसिएशन को ही झूठा साबित कर दिया। नीलेश भाया ने कहा कि ऐसे तो एसोसिएशन किसी सच्चे ठेकेदार साथी का भी साथ नहीं दे पाएगी। नीलेश भाया ने कहा कि इस मामले में ठेकेदार जावेद के खिलाफ एसोसिएशन द्वारा कार्यवाही की जाएगी। उसे एसोसिएशन से बाहर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जूना महाकाल सहित अन्य मंदिरों का प्रवेश द्वार बेरिकेड्स लगाकर किया बंद

Tue Sep 13 , 2022
सामान्य श्रद्धालुओं का प्रवेश निर्गम द्वार से करवा कर कार्तिकेय मंडपम में प्रवेश दिये जाने के चलते उपजी स्थिति उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर और निर्माल्य गेट पर विस्तारकरण कार्य के अंतर्गत कार्य किया जाना है। ऐसे में मंदिर प्रशासन ने सोमवार को सामान्य श्रद्धालुओं का प्रवेश […]