महाकाल लोक के लिए आभार जताने उज्जैन आए मुख्यमंत्री

संतों पर पुष्प वर्षा, श्रमिकों के साथ भोजन और अधिकारियों की हौसंला अफजाई

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर के विस्तारित परिसर श्री महाकाल लोक का लोकार्पण समारोह सफल होने पर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर से उज्जैन आए। यहां मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, निर्माण करने वाले श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया, साधु-संतो पर पुष्प वर्षा की और दूसरे चरण के काम तेजी से पूरा करने के लिए अधिकारियों की हौंसला अफजाई कर गए। मुख्यमंत्री ने महाकाल धर्मशाला के नए हॉल का शुभारंभ किया। लोकार्पण समारोह की आयोजन समिति के सदस्यों से मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के संचालन के लिए सुझाव भी मांगे।

मंगलवार की दोपहर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उज्जैन आए, हेलिपेड से वे सीधे कालिदास अकादमी परिसर पहुंचे और यहां आयोजन समिति सदस्यों के साथ ही संतों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आवाहन किया कि महाकाल लोक के संचालन के लिए शहर के नागरिकों को आगे आना होगा। स्थान की गरीमा बनी रहे, यहां स्वच्छता बनी रहे और लोग जब महाकाल लोक के दर्शन के लिए आए तो यहां से अपने साथ अच्छी स्मृतियां साथ ले जाए, ऐसी कोशिश होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक पिकनिक स्थल नहीं है, यह आने वाली पीढ़ीयों के लिए संजोकर रखे जाने लायक धरोहर बन गई है। मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के संचालन के लिए सदस्यों से सुझाव भी मांगे।

श्रम का किया सम्मान

कालिदास अकादमी परिसर से निकलकर मुख्यमंत्री महाकालेश्वर मंदिर के नजदीक त्रिवेणी संग्रहालय पर पहुंचे। यहां महाकाल लोक के निर्माण में जुटे मजदूरों को सम्मानित कर उनके साथ भोजन भी किया। मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी संग्रहालय में ही महाकालेश्वर मंदिर परिसर विस्तार के दूसरे चरण के कार्यो का भी अधिकारियों से फीड-बैक लिया।

एक लोकार्पण-एक भूमिपूजन

मेघदूत वन- हरिफाटक ओवर ब्रिज के नजदीक मन्नत गार्डन का अतिक्रमण हटाकर मुक्त कराई गई जमीन पर मुख्यमंत्री अधोसरंचना विकास मद और स्मार्ट सिटी की संयुक्त परियोजना के तहत मेघदूत वन विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसका भूमिपूजन किया। यहां 5 करोड़ 30 लाख रूपए के निर्माण होंगे, मियावाकी पद्धति से करीब 30 हजार 500 पौधे लगाए जाएंगे। नजदीक ही सरफेज पार्किंग का निर्माण होगा। पूरे प्रोजेक्ट की लागत लगभग 11 करोड़ 50 लाख रूपए है।

महाकाल धर्मशाला- महाकाल लोक के नजदीक नए पार्किंग एरिया में जे.के. सीमेंट कंपनी के सहयोग से नई महाकाल धर्मशाला के पहले तल का निर्माण पूरा किया गया है। पहले तल पर 9 कमरे, एक हॉल बनाह हुआ है। इस काम पर करीब 6 करोड़ रूपए खर्च हुए है। यह धर्मशाला तल सहित 4 मंजिला बनेगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को धर्मशाला के प्रथम तल का लोकार्पण किया।

दूसरे चरण के कामों पर नजर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को महाकालेश्वर मंदिर परिसर विस्तार और सौंदर्यीकरण के दूसरे चरण के निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। कलेक्टर आशीष सिंह और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के इंजीनियर ने उन्हें कार्यों की जानकारी दी।
दूसरे चरण में शिखर दर्शन, ध्यान कक्ष, छोटे रूद्र सागर के जीर्णोद्धार, महाराजवाड़ा हैरिटेज धर्मशाला का काम मुख्यमंत्री ने देखा।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के साथ किया भोजन

मुख्यमंत्री श्री चौहान मंगलवार को उज्जैन आगमन के दौरान त्रिवेणी संग्रहालय में अलौकिक लोक महाकाल लोक के निर्माण में अलग-अलग कार्यों के लिये लगे शिल्पकार एवं अन्य कार्य करने वाले कारीगरों का आत्मीय हृदय से सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी संग्रहालय के ऑडिटोरियम में श्रम एवं रचनात्मकता के श्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रतीकात्मक रूप से 25-30 कारीगरों का माला पहना कर स्वागत कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पसीना बहाने वाले कारीगरों का नाम सदैव याद किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान महाकाल लोक के निर्माण कार्य में लगे सभी कारीगरों के साथ सहभोज में शामिल हुए। इसके पूर्व उन्होंने अपने हाथों से कारीगरों को भोजन परोसा।

तीन सुझाव जिन पर अमल होगा

  • मुख्यमंत्री ने आवाहन किया है कि इस दीपावली के त्योहार पर शहर के सभी नागरिक एक-एक दीपक महाकाल लोक पर जरूर लगाए। पूरा शहर रोशनी में नहाए तो महाकाल लोक भी जगमगाना चाहिए।
  • 1 मार्च को गुड़ी पड़वा का पर्व है, इसी महीने में शिवरात्री भी आएगी लिहाजा मार्च के महीने में अलग-अलग तरह के आयोजनों की पूरी श्रृंखला प्लान होगी। आयोजन ऐसे होंगे जिन्हें देखने देश-विदेश से लोग यहां पहुंचे।
  • ग्रामीण अंचल में भी लोगों को महाकाल लोक के दर्शन के लिए आमंत्रित करने, अपने यहां के जल को पवित्र रूद्रसागर में अर्पित करने के लिए आमंत्रण देने के लिए भी बकायदा कार्यक्रम तय किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री खुद देश-विदेश के कई लोगों को महाकाल की प्रसाद और पत्र भेजकर उन्हें महाकाल लोक के दर्शन करने आने के लिए निमंत्रित करूंगा।

महाकाल के गर्भगृह के बाहर से किये दर्शन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान महाकालेश्वर के मन्दिर में पहुंच कर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये एवं पूजन-अर्चन किया। पूजा पं. प्रदीप पुजारी एवं यश पुजारी ने कराई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान महाकालेश्वर से प्रदेश के सभी लोगों के लिये मंगल कामना की।

महाकाल लोक का किया भ्रमण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान नवनिर्मित महाकाल लोक का भ्रमण किया। सांसद अनिल फिरोजिया ने इलेक्ट्रॉनिक वाहन चलाया, जिसमें बैठकर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाकाल लोक में निर्मित कलाकृतियों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाकाल लोक के सौन्दर्य का अवलोकन करने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आये श्रद्धालुओं से चर्चा की। उन्हें महाकाल लोक के अदभुत सौन्दर्य एवं पत्थरों पर उकेरी गई कलाकृतियों की जानकारी दी और उनसे फीडबेक भी लिया।

Next Post

उत्तराखंड से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत

Tue Oct 18 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। कैपिटल कंस्ट्रक्शन क पनी में काम करने वाले उत्तराखंड के इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों के आने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि दिनेश पिता राधेश्याम सक्सेना (55) उत्तराखंड का रहने वाला था और शिवांश सिटी […]