नशा कारोबारियों के घरों पर चलेंगे बुलडोजर : मुख्यमंत्री

12वीं में मैरिट में आने वालों को सरकार देगी लैपटॉप

इंदौर, अग्निपथ। इंदौर के अहिल्याश्रम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंदौर के 5 सहित प्रदेश के 69 सीएम राइज स्कूलों के नए भवनों का वर्चुअल भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खूब पढऩे और खेलने की बात कही। इसके साथ ही बच्चों को ओरिएंटेड कैरियर बनाने की बात कहने के साथ अपने जुदा अंदाज में बच्चों से जाना कि वे क्या बनना चाहते हैं।

बच्चों को संबोधित करते हुए शिवराज ने पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी अव्वल आने का वादा लिया। उन्होंने कहा कि बहुत उम्मीद और विश्वास के साथ सीएम राइज स्कूल ला रहे हैं। शिक्षक साथियों से निवेदन है कि इसे नौकरी नहीं साधना समझें। पूर्ण समर्पण के साथ पढ़ा कर खुद को गुरु साबित करें।

नशा कारोबारियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर

बच्चों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आपको हमेशा अच्छे काम करना है। मन लगाकर पढ़ाई करना है। नशे से दूर रहना है। नशे का कारोबार करने वालों पर तुम्हारा मामा बुलडोजर चलवा देगा। नशे के कारोबारियों के घरों पर बुलडोजर चलता रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 12वीं में मैरिट में आने वाले बच्चों को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा।

विवेकानंद प्रसंग

शिवराज ने बच्चों से स्वामी विवेकानंद के द्वारा कही गई एक बात को संदर्भ की तरह लेते हुए कहा कि, स्वामी जी ने कहा था, मनुष्य केवल हाड़-मांस नहीं, ईश्वर का अंश है। वो जो ठान ले वो कर सकता है। हम कुछ बन कर दिखाएंगे, कुछ कर दिखाएंगे। प्रत्येक बच्चे में क्षमता है। केवल लगन की जरुरत है। उठो और आगे बढ़ो। मनुष्य जैसा सोचता है, वैसा बन जाता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान डेली कॉलेज में यूथ कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने के बाद अहिल्याश्रम पहुंचे। यहां एक प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद वे अब मंच पर पहुंच गए हैं। यहां सीएम को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर से चर्चा करते देखा गया। अभी स्कूलों पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म दिखाई जा रही है। भूमि पूजन में हिस्सा लेकर छतरपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

दीप जलाकर किया शुभारंभ

उन्होंने डेली कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर पहुंचकर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। यंग थिंकर्स फोरम द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों एवं प्रदेश के विश्वविद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में 29 व 30 अक्टूबर को इस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चिंतक, विचारक और प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे.नंद कुमार सहित कार्यक्रम के विशेष अतिथि हैं। देशभर से 500 चयनित युवा इस कॉन्क्लेव में अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं।

इसके पूर्व शुक्रवार को प्रमुख सचिव (स्कूल शिक्षा) रश्मि अरुण शमी, कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इंदौर में सीएम राइज योजना के तहत 7 विधानसभा क्षेत्रों में 11 सीएम राइज स्कूलों के भवन बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा दो विधानसभा क्षेत्रों में 2 सीएम राइज स्कूलों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है। अभी 5 सीएम राइज स्कूलों के नवीन भवनों का भूमि पूजन हो रहा है। सीएम राइज योजना के अंतर्गत चयनित स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों की तरह सुविधाएं विकसित की जाएगी। इनमें प्रशिक्षित मानव संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक स्कूलों के निर्माण में 30 से 40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दो नाबालिगों को लोडिंग ऑटो से बांधकर घसीटा

Sat Oct 29 , 2022
इंदौर की मंडी में चोरी का आरोप इंदौर, अग्निपथ। इंदौर में 2 नाबालिगों की पिटाई का वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ किसान, हम्माल और लोडिंग चालक उनको बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। उन्हें सिर्फ पीटा ही नहीं, बल्कि लोडिंग ऑटो से बांधकर लटकाया और घसीटा भी। मामला […]

Breaking News