मुझे भी बीजेपी में जाने का मिला था ऑफर, मंत्री पद के साथ दे रहे थे करोड़ों रुपए

इंदौर-1 से विधायक संजय शुक्ला ने खोला राज

इंदौर, अग्निपथ। पिछले कई दिनों से इंदौर की विधानसभा क्रमांक-1 से कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला की भाजपा में जाने की अटकलों पर शनिवार को खुद शुक्ला ने विराम लगा दिया। इसके साथ ही शुक्ला ने यह राज भी खोला है कि जब सत्ता परिवर्तन के दौरान दलबदल चल रहा था तो उन्हें भी भाजपा ज्वाइन करने का ऑफर मिला था। शुक्ला ने कहा, मैं जाता तो उस समय मुझे भी मंत्री पद मिल जाता और लाखों करोड़ों रुपए भी मिलते लेकिन मैं कांग्रेस के लिए प्रतिबद्ध था, हूं और रहूंगा।

शुक्ला ने शनिवार को एक चैनल से चर्चा के दौरान कहा कि जिसको जाना था वे चले गए, मुझे जाना होता तो मैं उस समय चला जाता। लेकिन नहीं गया, क्योंकि मैं कांग्रेस के साथ हूं। मैं कांग्रेस के साथ ही रहूंगा। क्योंकि कांग्रेस ने ही मुझे पार्षद बनाया, अध्यक्ष बनाया, विधायक बनाया। आज कांग्रेस परिवार ने मुझे सब कुछ दिया है। मैं उसे छोडक़र क्यों जाऊंगा। यह (भाजपा की ओर इशारा) नोटों की सरकार है, सभी जानते हैं। 2023 में फिर कमलनाथ की सरकार बनेगी।

मोदी को जन्मदिन पर बधाई

शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन (17 सितंबर) पर इंस्टाग्राम पर उनके जन्मदिन पर शुभकामना दी थी। पिछले साल 17 सितंबर को शुक्ला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिर्फ विश्वकर्मा जयंती की बधाई वाला और एक अन्य मैसेज ही पोस्ट किया था। इस बार अचानक पीएम को उनके जन्मदिन पर बधाई देने से उनके भाजपा में जाने की अटकल तेज हो गई थी।

अपनी विधानसभा के लोगों को करवा रहे अयोध्या यात्रा

संजय शुक्ला ने लगातार अपनी विधानसभा के लोगों को लेकर अयोध्या यात्रा करवा रहे हैं। नगर निगम चुनाव के पहले भी उन्होंने अपनी ओर से कई जत्थे अयोध्या भेजे थे। इससे पहले भी वे कई बार कांग्रेस पार्टी की लीक से हटकर लोगों को राम मंदिर दर्शन और अयोध्या यात्रा करवा चुके हैं। सबसे खास बात ये है कि पीएम मोदी को विश करते हुए उन्होंने कहा था मेरी अयोध्या यात्रा पीएम मोदी को ही समर्पित है।

महापौर का चुनाव हारने के बाद फिर अटकलें हुई थी तेज

विधायक शुक्ला को महापौर पद के चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। वे अपनी ही विधानसभा सीट से 20 हजार वोट से पिछड़ गए थे। इसके साथ ही अन्य विधानसभाओं से भी हार गए थे और उन्हें कई वरिष्ठ नेताओं का सहयोग नहीं मिला था। इसके बाद तो उनके भाजपा में जाने की अटकलों को काफी बल मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

इंदौर में हैवान बना पति:गहरी नींद में सो रही पत्नी के सीने और सिर पर हथौड़ा मारा

Sat Nov 19 , 2022
इंदौर, अग्निपथ। गहरी नींद में सो रही पत्नी को पता भी नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। हैवान पति उसकी छाती पर बैठ गया और बाल पकडक़र उसे झकझोर दिया। तभी पत्नी की नींद खुल गई। वो कुछ समझ पाती इससे पहले पति ने उसके साथ मारपीट […]

Breaking News