राहुल की मौजूदगी में उज्जैन में बनेगी मध्यप्रदेश चुनाव की रणनीति

सांदीपनि कॉलेज में बिताएंगे पूरा दिन, एआईसीसी और पीसीसी के पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद

उज्जैन, अग्निपथ। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की कांग्रेस की रणनीति उज्जैन की धरती पर तैयार होगी। वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लगभग सारे सीनियर नेता आगर रोड़ स्थित सुरासा के सांदीपनि कॉलेज परिसर में पूरा दिन बिताएंगे और यहीं चुनावी रणनीति पर चर्चा भी होगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहले उज्जैन में 30 नवंबर को आने वाली थी। यात्रा अब एक दिन ओर आगे बढ़ गई है। राहुल गांधी अब 29 नवंबर की सुबह ही उज्जैन पहुंच जाएंगे। राहुल गांधी पहले इंदौर में तीन दिन बिताने वाले थे, अब वे इंदौर जिले में 2 दिन ही रूकेंगे। इंदौर के बजाए वे उज्जैन में एक दिन अतिरिक्त रूकेंगे। सभा का अगला दिन यानि 30 नवंबर को भी वे उज्जैन में ही सांदीपनि कॉलेज परिसर में विश्राम करेंगे। प्रदेश में केवल उज्जैन में ही राहुल गांधी की आमसभा होना है लिहाजा एआईसीसी और पीसीसी के सभी वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होने के लिए उज्जैन आने वाले है।

29 नवंबर को शाम 4 बजे आगर रोड स्थित सामाजिक न्याय परिसर में होने वाली आमसभा के बाद अधिकांश वरिष्ठ नेता भी उज्जैन में ही रूकेंगे। राहुल गांधी 29-30 नंवबर की रात आगर रोड़ सुरासा स्थित सांदीपनि कॉलेज परिसर में बिताएंगे। अगले दिन 30 नंबवर को भी वे पूरे दिन यहीं रूकेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित प्रदेश के तमाम आला नेता भी 29 और 30 नवंबर को उज्जैन में मौजूद रहेंगे। इस दौरान राहुल गांधी के साथ इनकी चुनाव तैयारियों पर चर्चा होगी।

सहयात्रियों के अब तक 800 रजिस्ट्रेशन

कांग्रेस ने जिला व शहर स्तर पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए सहयात्री के रूप में कार्यकर्ताओं के रजिस्ट्रेशन आरंभ किए है। सामाजिक न्याय परिसर में बने अस्थाई कार्यालय पर ये रजिस्ट्रेश किए जा रहे है। जिन लोगों के रजिस्ट्रेशन होंगे, उन्हें 26 नवंबर को शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा पास मुहैया कराए जाएंगे। पासधारी कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होंगे।

वे पहले इंदौर में तीन दिन बिताने वाले थे, अब वहां 2 दिन रूकेंगे। रेस्ट का एक दिन उज्जैन में बढ़ा दिया गया है। इस दौरान पार्टी के अधिकांश वरिष्ठ नेता भी उज्जैन में ही मौजूद रहेंगे।

– राजेंद्र वशिष्ठ, वरिष्ठ कांग्रेस नेता

यात्रा और आमसभा की तैयारियां जोरो पर है। कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ गया है लेकिन इसलिए तैयारियां तेज कर दी गई है। राहुल गांधी जी की आमसभा ऐतिहासिक होगी।

– रवि भदौरिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महापौर का मद हुआ साढ़े तीन करोड़, पार्षदों का 16 लाख

Wed Nov 23 , 2022
महापौर परिषद की बैठक में पारित हुए कई अहम प्रस्ताव उज्जैन, अग्निपथ। महापौर परिषद की बुधवार शाम को हुई बैठक में कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी मिल गई है। नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह की पदस्थापना के बाद पहली बार हुई एमआईसी की बैठक में महापौर का मद […]
नगर निगम