खंडवा‌ सांसद नंदकुमारसिंह चौहान का निधन:भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने गुरुग्राम के मेदांता में ली अंतिम सांस, कोरोना संक्रमण के बाद 5 फरवरी से थे एडमिट

  • अंतिम संस्कार कल बुरहानपुर स्थित उनके गृह ग्राम शाहपुर में होगा
  • पार्थिव शरीर आज दिल्ली से भोपाल लाया जाएगा, प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा से भाजपा के सांसद नंदकुमारसिंह चौहान का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। इसके बाद उन्हें 5 फरवरी को मेदांता में एडमिट कराया गया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव भी आ गई थी। लेकिन उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश के नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया नंदकुमार सिंह चौहान का अंतिम संस्कार कल 3 मार्च को उनके गृह गांव शाहपुर में होगाl उनका पार्थिव शरीर आज दिल्ली से भोपाल लाया जाएगा और प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगाl

नंदकुमार चौहान मध्यप्रदेश विधानसभा के बुरहानपुर से विधायक रहे थे। 1996 में 11वीं लोकसभा में भाजपा ने उन्हें खंडवा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया और वे जीतकर संसद पहुंचे। इसके बाद 12वीं,13वीं और 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे। 15वीं लोकसभा के चुनाव में खंडवा के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव से वे चुनाव हार गए।

CM शिवराज और PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके जताया दुख
CM शिवराज ने नदंकुमार चौहान के साथ अपनी फोटो ट‌्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि- प्रदेशाध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृहगांव पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।

वही, PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है कि- खंडवा से लोकसभा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल और प्रयासों में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन में सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा युवक मालगाड़ी की छत पर लगा रहा था लांग जम्प, 25000 वोल्ट करंट की चपेट में आने से हुई मौत

Tue Mar 2 , 2021
उज्जैन। बापूनगर में रहने वाला 18 साल का राजेश पटेल मंगलवार सुबह रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी की छत पर सेना में भर्ती के लिए लांग जंप की प्रैक्टिस कर रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह डिब्बे के ऊपर से गुजरे 25000 वोल्ट हाईटेंशन तार की चपेट में […]