हाउसिंग सोसायटी के भूमाफियाओं पर शिकंजा कसा: नवीन नगर गृह निर्माण संस्था के संचालक मंडल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

15 वर्षों के बाद भारत हाउसिंग सोसायटी के निर्वाचन के आदेश जारी

उज्जैन। जिले में भूमाफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा निरंतर कसता जा रहा है। इसके चलते जहां नवीन नगर गृह निर्माण संस्था के संचालक मंडल के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है तो 15 साल बाद भारत हाउसिंग सोसायटी के संचालक मंडल केचुनाव कराने के आदेश जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि विभिन्न हाउसिंग सहकारी समितियों के संचालक मण्डल द्वारा की गई कारगुजारियों के कारण संस्था के कई सदस्य भूखण्ड से वंचित हैं और कई लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है। इन सभी की जांच कलेक्टर के निर्देश पर उपायुक्त सहकारिता द्वारा की जा रही है।

गाइड लाइन से कम कीमत पर प्लाट बेचकर किया गबन

नवीन नगर गृह निर्माण संस्था के विरूद्ध गैर-सदस्यों को कलेक्टर द्वारा निर्धारित गाइड लाइन से कम मूल्य पर संस्था के भूखण्डों को विक्रय करने के कारण तथा गबन, हेराफेरी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।

उल्लेखनीय है कि संस्था के तत्कालीन अध्यक्ष और संचालकों द्वारा वर्ष 2007-08 में संस्था की भूमि सर्वे क्रमांक 81/2/2 रकबा 0.470 हेक्टेयर तथा सर्वे क्रमांक 81/3 का रकबा 0.504 हेक्टेयर विगत 31 मार्च 2008 को विक्रय पत्र से कतिपय व्यक्तियों को मात्र 15 लाख 30 हजार रुपये में विक्रय कर दी गई, जबकि कलेक्टर गाईड लाइन अनुसार उक्त भूमि की कीमत 30 लाख 30 हजार रुपये होती है। इसी तरह संस्था की कुछ भूमि 22 लाख 83 हजार रुपये में विक्रय की गई, किन्तु विक्रय की राशि संस्था के वित्तीय पत्रकों में नहीं दिखाई गई। वर्ष 2011-12 में संस्था के संचालकों द्वारा कलेक्टर गाईड लाइन से कम दर पर जमीन का विक्रय करते हुए 83 लाख 49 हजार रुपये की हानि संस्था को पहुंचाई गई। उक्त भूमियों को पंजीयक सहकारी संस्थाओं की अनुमति बिना बेच दिया था।

इन पर एफआईआर

विक्रय पत्रों के सम्पादन के समय तत्कालीन अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, उपाध्यक्ष नवीन कुमार, संचालकगण हरदीप, बद्रीलाल, रामसिंह, शारदाबाई, श्रीमती फरीदाबाई, हजारी, हजारीलाल, दयाराम व भेरूलाल के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

डेढ़ दशक से नहीं हुए चुनाव

पिछले 15 वर्षों से भारत हाउसिंग सोसायटी के सदस्यगण सोसायटी के निर्वाचन के लिये यहां-वहां कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, किन्तु इस संस्था के निर्वाचन नहीं हो पाये थे। कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में पहल कर सहकारी संस्थाओं के निर्वाचन आयुक्त से चर्चा कर भारत हाउसिंग सोसायटी के निर्वाचन कराने के आदेश जारी करवा दिये हैं।

चुनाव न होने से अटका था विकास, अब आएगी तेजी

उपायुक्त सहकारिता ओपी गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर की पहल पर भारत हाउसिंग कॉपरेटिव सोसायटी उज्जैन की चुनाव प्रक्रिया 15 साल बाद प्रारम्भ हो गई है। निर्वाचन नहीं होने सेसोसायटी के सदस्यों की भूखण्ड पंजीयन से संबन्धित शिकायतों का निराकरण एवं कॉलोनी का विकास कार्य कई वर्षों से नहीं हो पा रहा था।

प्रथम चरण के निर्वाचन की प्रक्रिया सदस्यता सूची के प्रकाशन के साथ 5 मार्च से प्रारम्भ होकर 12 मार्च तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किये जायेंगे। निर्वाचन के पश्चात संचालक मण्डल द्वारा कॉलोनी के विकास एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही की जाकर शिकायतों का निराकरण संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पेट्रोल 45 रुपये लीटर तक हो सकता है सस्ता, डीजल का दाम भी होगा कम, मोदी सरकार कर रही है विचार

Thu Mar 4 , 2021
नई दिल्ली। आने वाले दिनों में अगर आपको पेट्रोल-डीजल 45 रुपये लीटर मिलने लगे तो आश्चर्य मत कीजिएगा। ऐसा हो सकता है। देश के कई हिस्सों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये लीटर के पार पहुंचे पर मोदी सरकार इसके दाम कम करने पर शिद्दत से विचार कर रही है। […]