नीरजकुमार सिंह को भोपाल भेजा, प्रदेश के कई आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर
उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश में रविवार शाम को 9 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। शाम को जारी आदेश में 4 जिलों उज्जैन, अशोकनगर, हरदा और विदिशा के कलेक्टर बदले गए हैं।
नए आदेशों में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को बनाया गया है। वहीं इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन के मेला अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। आशीष सिंह अभी इंदौर में कलेक्टर हैं। वे इंदौर कलेक्टर के साथ-साथ उज्जैन में सिंहस्थ मेला अधिकारी का दायित्व भी संभालेंगे।
जारी आदेश के मुताबिक संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बसंत कुर्रे को श्रम विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं संचालक जनसंपर्क अंशुल गुप्ता को विदिशा जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
बीते दिनों उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह का पारिवारिक विवाद सामने आया था। इस घटनाक्रम की चर्चा सीएम हाउस तक पहुंची थी। हालांकि मामले में किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की थी। माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को भोपाल भेजा गया है। उन्हें संचालक, लोक स्वास्थ्य-परिवार कल्याण बनाया गया है।
उनके स्थान पर विदिशा कलेक्टर रोशनकुमार सिंह को उज्जैन कलेक्टर बनाया गया है। रोशन कुमार सिंह २०२२ में उज्जैन नगर निगम आयुक्त का कामकाज संभाल चुके हैं।
इनके भी स्थानांतरण हुये
- सुभाष कुमार द्विवेदी कलेक्टर अशोकनगर को अपर सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है।
- आदित्य सिंह कलेक्टर हरदा को कलेक्टर अशोकनगर बनाया गया है।
- सिद्धार्थ जैन अपर कलेक्टर भोपाल को कलेक्टर, हरदा बनाया गया है।
- अंशुल गुप्ता संचालक जनसंपर्क को कलेक्टर विदिशा बनाया गया है।
- ज्योति शर्मा अपर कलेक्टर इंदौर को सीईओ जिला पंचायत देवास बनाया गया है।
- हिमांशु प्रजापति सीईओ, जिला पंचायत देवास को कार्यकारी संचालक, मप्र औद्योगिक विकास निगम इंदौर बनाया गया है।
- गुलशन बामरा, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्यविभाग के साथ-साथ अटलबिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश£ेषण संस्थान सीईओ का काम भी देंखेंगे।
- ऋषि गर्ग राज्य योजना आयोग सचिव के साथ ही अटलबिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश£ेषण संस्थान भोपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।