राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विवादित बयान पर भडक़ी कांग्रेस, फूंका पुतला

सीहोर, अग्निपथ। भाजपा मंत्री विजय शाह के बाद अब राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक बवाल शुरू हो गया है। गुरुवार को इछावर विधानसभा क्षेत्र के धामंदा में मंत्री वर्मा ने सीईओ को निर्देश दिए थे कि सभी लाड़ली बहनों को कार्यक्रम में बुलाया जाए और जो न आएं, उनका नाम योजना की सूची से काट दिया जाए। इस धमकी भरे लहजे से लाड़ली बहनों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचने का आरोप लगाते हुए महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को सीहोर के नया बस स्टैंड पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुलाब बाई ठाकुर के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती की विशेष उपस्थिति में मंत्री करण सिंह वर्मा का पुतला दहन किया गया। इस दौरान ‘करण वर्मा मुर्दाबाद’ और ‘इस्तीफा दो’ के गगनभेदी नारे लगाए गए।

पुतला दहन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुलाब ठाकुर ने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में पैसे डालने से वे भाजपा की गुलाम नहीं बन गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बहनों को मिलने वाला पैसा जनता से वसूले गए टैक्स का है, न कि भाजपा मंत्रियों की निजी जेब का। खुले मंच से योजना बंद करने की धमकी देना बहनों का अपमान है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के अहंकारी नेता योजनाओं के पैसे को अपनी निजी संपत्ति समझने लगे हैं। लाड़ली बहना योजना कोई मेहरबानी नहीं, बल्कि बहनों का अधिकार है। उन्होंने सवाल किया कि क्या करण सिंह वर्मा ऐसे बयान देकर कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह की श्रेणी में शामिल होना चाहते हैं। शासन के मंत्री सत्ता के घमंड में चूर होकर लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से विवेक राठौर, घनश्याम यादव, आशीष गेहलोत, आरती खंगराले, तबस्सुम खान, शहाना बानो, विमला बाई, अनीता सूर्यवंशी, माया सूर्यवंशी, ममता शर्मा, दीपिका शर्मा, संगीता कर्मा, नीता भावसार, सुनील दुबे, रमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Next Post

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत की विजयी शुरुआत, अमेरिका को चटाई धूल

Sat Feb 7 , 2026
मुंबई। आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है और भारतीय टीम ने अपने खिताब की रक्षा के अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को खेले गए ग्रुप-ए के रोमांचक मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रनों […]

Breaking News