धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर का विवादित वीडियो वायरल, महिला ने लगाए गंभीर आरोप

धार, अग्निपथ। धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। सोशल मीडिया पर विधायक का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक महिला और उसके बच्चों को अपशब्द बोलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने धामनोद थाने पहुंचकर विधायक के विरुद्ध शिकायती आवेदन दिया है। महिला ने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता करने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज किया है।

विधायक पर पत्थरबाजी और मारपीट का आरोप

ग्राम सिरसोदिया निवासी गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल ने शिकायत में बताया कि 22 फरवरी की सुबह जब वह अपने पोते साहिल के साथ कारम नदी किनारे बकरी चरा रही थी, तभी विधायक कालू सिंह ठाकुर और उनके साथियों ने उन पर पत्थरबाजी और मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि जब उसकी बेटी पिंकी बचाने आई तो उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर जब परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे तो विधायक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

विधायक के कर्मचारी ने भी दर्ज कराया मामला

इस विवाद में विधायक पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। विधायक के कर्मचारी नवदीप निंगवाल ने दो दिन पूर्व धामनोद थाने में प्रकरण दर्ज कराते हुए बताया कि 22 फरवरी को विधायक के फार्म हाउस के पास पिंकी, संतोष, गेंदाबाई और रंजु गिरवाल ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

पूर्व में भी विधायक पर हो चुका है हमला

गौरतलब है कि विधायक कालू सिंह ठाकुर का इस परिवार के साथ विवाद पुराना है। पूर्व में भी ग्राम सिरसोदिया में खेत पर काम देखने गए विधायक पर पड़ोसियों द्वारा पत्थरों से हमला किया गया था, जिसमें वे घायल हो गए थे। उस समय भी पुलिस ने गेंदाबाई और रंजु गिरवाल सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके अतिरिक्त विधायक पूर्व में एक महिला और उसके पति द्वारा 2 करोड़ रुपये के हनीट्रैप मामले में ब्लैकमेलिंग का शिकार होने का खुलासा भी कर चुके हैं।

एक पक्ष की ओर से पूर्व में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। महिला की ओर से भी एक शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी। – प्रवीण ठाकरे, थाना प्रभारी, धामनोद

Next Post

स्टेट हाईवे 17 पर हादसों का सोमवार: 9 घंटे में दो बड़ी दुर्घटनाएं, बाल-बाल बची जान

Tue Feb 24 , 2026
नागदा, अग्निपथ। स्टेट हाईवे नंबर 17 पर सोमवार का दिन हादसों भरा रहा। महज 9 घंटे के भीतर दो बड़ी सड़क दुर्घटनाएं सामने आईं, जिसमें वाहन तो पूरी तरह चकनाचूर हो गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इन हादसों के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, […]

Breaking News