धार, अग्निपथ। पीथमपुर के विश्वास नगर में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसा घटित हुआ, जिसमें 38 वर्षीय महिला की ऊंचाई से गिरने के कारण जान चली गई। छत पर कपड़े उतारने गई महिला अचानक अपना संतुलन खो बैठी और करीब 30 फीट की ऊंचाई से सीधे कंक्रीट की जमीन पर आ गिरी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसे थम गईं।
कपड़े उतारने के दौरान बिगड़ा संतुलन
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान संगीता के रूप में हुई है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे संगीता रोजाना की तरह छत पर सूखे कपड़े लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि छत पर चलते समय एक हिस्से से दूसरे हिस्से की ओर जाते वक्त अचानक उनका पैर डगमगा गया। संतुलन खोने के कारण वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गईं। गिरने के दौरान संगीता का सिर सीधे जमीन से टकराया, जिससे मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव हो गया।
हरदा की रहने वाली थी मृतका, इंदौर में तोड़ा दम
हादसे के तत्काल बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें निजी वाहन से इंदौर के चोइथराम अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संगीता मूल रूप से हरदा जिले की निवासी थीं और उनके पिता पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मृतका के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है। रविवार सुबह इंदौर के एमवाय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
