सड़क किनारे पलटी मिली गाड़ी
धार, अग्निपथ। धार जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डही में बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। नई गाड़ी खरीदने के बहाने आए बदमाशों ने न केवल शोरूम से बोलेरो लूटी, बल्कि टेस्ट ड्राइव पर साथ गए कर्मचारी का अपहरण भी कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने देर रात स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस इस पूरे मामले को लूट और अपहरण के एंगल से जोड़कर देख रही है।
टेस्ट ड्राइव के बहाने वारदात और कर्मचारी का लापता होना
शोरूम संचालक हारून खत्री के अनुसार, बोलेरो क्रमांक एमपी 04 टीबी 3572 की टेस्ट ड्राइव के लिए कर्मचारी सोहेल को कथित ग्राहकों के साथ भेजा गया था। घंटों बीत जाने के बाद भी जब गाड़ी वापस नहीं लौटी और सोहेल का मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस को उक्त बोलेरो डही से लगभग 15 किमी दूर पीथनपुर हॉस्टल के पास सड़क किनारे पलटी हुई मिली, लेकिन कर्मचारी सोहेल का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
वाहन में मिली पुलिस की नेम प्लेट और खून के निशान
दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच में पुलिस को चौकाने वाले साक्ष्य मिले हैं। गाड़ी के भीतर से “पुलिस” लिखी हुई एक नेम प्लेट बरामद हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन सुसारी की ओर अत्यंत तेज रफ्तार में जा रहा था, जो अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन के अंदर खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि दुर्घटना में बदमाश घायल हुए होंगे।
एसपी ने संभाली कमान, सर्च ऑपरेशन जारी
वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, एडिशनल एसपी विजय डावर और एसडीओपी सुनील गुप्ता सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। साइबर सेल की मदद से बदमाशों की लोकेशन खंगाली जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है। कर्मचारी साहिल के परिजन और शोरूम संचालक उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से शीघ्र बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।
