112 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान, विकास को मिलेगी नई गति
बदनावर, अग्निपथ। सिंहस्थ महाकुंभ-2028 की तैयारियों के बीच प्रदेश सरकार ने बदनावर को विकास की दो बड़ी सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में नगर की दो बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं के लिए 112 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया है। इसके तहत एमपीआरडीसी द्वारा बड़ी चौपाटी पर 60 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर एवं दोनों ओर सर्विस रोड तथा ग्राम पिटगारा से राष्ट्रीय राजमार्ग-752 डी फोरलेन तक 5 किलोमीटर आधुनिक सड़क निर्माण के लिए 52 करोड़ रुपये शामिल किए गए हैं।
दोनों परियोजनाओं से सिंहस्थ के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ बदनावर के औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने गत दिसंबर में मुख्यमंत्री के बदनावर प्रवास के दौरान दोनों परियोजनाओं की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को आयोजित बैठक में इन्हें अनुपूरक बजट में शामिल किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती, पूर्व मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव सहित किसानों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी चौपाटी पर यातायात समस्या और दुर्घटनाओं से मिलेगी मुक्ति
महाराणा प्रताप चौक स्थित बड़ी चौपाटी पिछले कई वर्षों से नगर की सबसे बड़ी यातायात समस्या बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। इस चौराहे को ब्लैक स्पॉट के रूप में भी चिन्हित किया गया है। फ्लाईओवर बनने के बाद लंबी दूरी के वाहन ऊपर से गुजरेंगे, जबकि स्थानीय यातायात के लिए दोनों ओर सर्विस रोड बनाई जाएगी। इससे बाजार और दुकानदारों के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा तथा भारी एवं लोडिंग वाहन मुख्य बाजार से बाहर होकर निकल सकेंगे। इससे यातायात सुचारु होने के साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
व्यापार, उद्योग और किसानों के लिए वरदान साबित होंगी परियोजनाएं
बड़ी चौपाटी से गुजरने वाला मार्ग गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और मुंबई सहित कई राज्यों को जोड़ता है। इसी क्षेत्र में कृषि उपज मंडी, सब्जी मंडी, प्रमुख व्यापारिक बाजार, पांच बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान तथा प्रदेश का महत्वाकांक्षी पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थित है। फ्लाईओवर बनने से माल परिवहन आसान होगा, उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और किसानों की उपज समय पर मंडियों तक पहुंच सकेगी।
पिटगारा से एनएच-752 डी तक बनेगा आधुनिक फोरलेन मार्ग
इसी तरह 52 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पिटगारा से राष्ट्रीय राजमार्ग-752डी तक 5 किलोमीटर लंबा आरसीसी फोरलेन मार्ग बनाया जाएगा। इसमें दोनों ओर फुटपाथ, मध्य में डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, नाला निर्माण और आवश्यक चौड़ीकरण किया जाएगा। यह मार्ग नागेश्वर धाम को बेहतर कनेक्टिविटी देगा तथा एनएच-18 और एनएच-752डी के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा। इससे उज्जैन, रतलाम, गुजरात और आसपास के क्षेत्रों की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा।
जल्द ही पूरी होगी प्रशासनिक प्रक्रिया और शुरू होगा निर्माण कार्य
नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने बताया कि सड़क परियोजना की 51.58 करोड़ रुपये की डीपीआर पहले ही तैयार हो चुकी थी और प्रस्ताव मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग की ए-प्लस श्रेणी में शामिल था। बजट दस्तावेज में दोनों परियोजनाओं को योजना क्रमांक-6841 के अंतर्गत अपरीक्षित मद में शामिल किया गया है। इसका अर्थ है कि सरकार ने इनके लिए बजट में राशि का प्रावधान कर दिया है, लेकिन अंतिम प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियां मिलना अभी शेष है। स्वीकृतियों के बाद टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बदनावर की वर्षों पुरानी दो महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है। इनके बनने से यातायात व्यवस्था सुधरेगी, व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी तथा सिंहस्थ-2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन में भी सुविधा होगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
