धार, अग्निपथ। जिले के कुक्षी में एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कार से मामूली टक्कर के बाद विवाद बढ़ने पर चालक ने पिता-पुत्र को गाड़ी के बोनट पर लटका लिया और करीब चार किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कार दौड़ाता रहा। बोनट पर जान बचाने के लिए गिड़गिड़ाते हुए पिता-पुत्र लगातार चिल्लाते रहे, लेकिन चालक का दिल नहीं पसीजा।
आखिरकार सतर्क ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए कार का पीछा किया और लोनी फाटे के पास वाहन को रुकवाकर दोनों की जान बचाई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया है और चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की चार गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
मामूली टक्कर के बाद बढ़ा विवाद और कार पर चढ़े पिता-पुत्र
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक दो स्थित सुतार मोहल्ले की है। फरियादी बाबूलाल अपने घर की ओर पैदल जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पैर में टक्कर मार दी। जब बाबूलाल ने दुर्घटना के बाद चालक को समझाने और रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
विवाद बढ़ता देख बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर दौड़कर पहुंचा और साक्ष्य के लिए कार का मोबाइल से फोटो खींचने लगा। इसी दौरान कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय अचानक तेजी से आगे बढ़ा दी, जिससे बचने के प्रयास में बाबूलाल और उनका बेटा भारत उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। आरोप है कि इसके बाद भी चालक ने गाड़ी रोकने के स्थान पर अपनी रफ्तार और बढ़ा दी और दोनों को बोनट पर लटकाए हुए ही सड़क पर हवा से बातें करते हुए वाहन भगा ले गया।
मदद की गुहार लगाते रहे पिता-पुत्र, ग्रामीणों ने किया पीछा
चलती कार के बोनट पर लटके बाबूलाल और भारत ने अपनी जान पर बनता देख चालक से वाहन रोकने के लिए हाथ जोड़े और बार-बार गिड़गिड़ाते हुए कहा कि वे मर जाएंगे, इसलिए गाड़ी रोक दी जाए। इसके बावजूद संवेदनहीन बने चालक ने एक न सुनी और अपनी धुन में वाहन को कुक्षी की सड़कों पर दौड़ाता रहा। रास्ते में गुजर रहे लोगों ने जब यह भयावह नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।
इस बीच कुछ साहसी ग्रामीणों ने अपनी बाइक से कार का दूर तक पीछा किया और आखिरकार कुक्षी क्षेत्र के लोनी फाटे के पास किसी तरह कार को रुकवाने में सफल रहे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार में सवार लोग इंदौर से डही क्षेत्र में अपने किसी रिश्तेदार के यहां मिलने के लिए आए थे और वापस लौटते वक्त यह पूरी वारदात हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी आरोप है कि घटना के समय कार चालक अत्यधिक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस का कहना है कि नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल परीक्षण और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने कार की जब्त, आरोपी चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुक्षी थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कार को अपने कब्जे में लेते हुए थाने भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पिता-पुत्र के बयानों के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। क्षेत्र में इस दुस्साहसिक घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और पुलिस फरार तथा आरोपी चालक की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।

