आम जनता को भस्मारती दर्शन अगले सप्ताह से

सर्किट हाऊस में उच्च शिक्षा मंत्री के साथ अफसरों ने तय किया-शाही सवारी छोटे मार्ग से ही निकलेगी

50 प्रतिशत क्षमता के साथ देंगे प्रवेश, प्रोटोकाल से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को कटवानी होगी 100 रु. की रसीद

उज्जैन, अग्निपथ। विगत डेढ़ वर्ष से अधिक समय से महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्मारती में श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया था। तब से लेकर आज तक भस्मारती में यह प्रतिबंध लगातार जारी था। जबकि श्रद्धालु चाहते थे कि भस्मारती दर्शन शीघ्र शुरू हो सके। बाहर के श्रद्धालुओं में भस्मारती को लेकर जबरदस्त क्रेज है। ऐसे में गुरुवार को सर्किट हाऊस में उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अगले सप्ताह से भस्मारती शुरू करने का निर्णय लिया गया है। वहीं 6 सितम्बर को निकलने वाली शाही सवारी का मार्ग वही रहेगा जो वर्तमान में चल रहा है।

अगले सप्ताह से भस्म आरती में दर्शनार्थियों को क्षमता का 50 प्रतिशत प्रवेश दिया जायेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि भस्म आरती में दर्शनार्थियों का गर्भगृह एवं नन्दी हॉल में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भस्म आरती में प्रवेश ऑनलाइन बुकिंग से ही रहेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रोटोकॉल व्यवस्था से दर्शन करने वाले प्रत्येक दर्शनार्थियों को 100 रुपये की रसीद कटवानी होगी। आने वाले समय में प्रोटोकॉल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जायेगा। विभिन धार्मिक पर्व मनाने के लिये पूर्व की भांति कोविड-19 गाइड लाइन का पालन किया जायेगा। सभी प्रकार के धार्मिक चल समारोह, जुलूस, रैली इत्यादि प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक समारोह का आयोजन नहीं होगा। इस तरह के आयोजन केवल धार्मिक स्थानों परिसर के अंदर किये जा सकेंगे।

शाही सवारी छोटे मार्ग से ही निकलेगी
गुरुवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी के सम्बन्ध में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सर्किट हाऊस में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि भगवान महाकाल की शाही सवारी वर्तमान में निकाली गई सवारियों के अनुसार ही परिवर्तित मार्ग से निकाली जाये। पुजारी एवं कहारों के माध्यम से सवारी भव्यता से निकाली जाएगी। कोविड प्रोटोकॉल के कारण आमजन सवारी में नहीं रह सकेंगे। सवारी में पुलिस बैंड अपनी सेवा देगा।
बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया वर्चुअल रूप में उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त विधायक पारस जैन, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एडीएम एवं मन्दिर प्रबंध समिति प्रशासक नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर एवं यूडीए सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर जितेन्द्रसिंह चौहान, विवेक जोशी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एलम खरीदी की फाइल में अपर आयुक्त ने की हेरफेर

Thu Sep 2 , 2021
नगर निगम आयुक्त और प्रमुख सचिव तक पहुंची शिकायत उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के निलंबित अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा को लेकर नगर निगम आयुक्त सहित प्रमुख सचिव को एक शिकायत भेजी गई है। आरोप है कि अपर आयुक्त मिश्रा ने एलम खरीदी की एक फाइल में अपने स्तर पर कुछ […]
नगर निगम

Breaking News