एलम खरीदी की फाइल में अपर आयुक्त ने की हेरफेर

1
नगर निगम

नगर निगम आयुक्त और प्रमुख सचिव तक पहुंची शिकायत

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के निलंबित अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा को लेकर नगर निगम आयुक्त सहित प्रमुख सचिव को एक शिकायत भेजी गई है। आरोप है कि अपर आयुक्त मिश्रा ने एलम खरीदी की एक फाइल में अपने स्तर पर कुछ ऐसी टीप डाल दी, जिससे ठेकेदार को भुगतान न हो सके। शिकायत में उल्लेख है कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि ठेकेदार की तरफ से मिश्रा की मंशा पूरी नहीं की गई थी।

24 सितंबर 2020 को पीएचई विभाग द्वारा गंभीर, गउघाट, उंडासा और साहिबखेड़ी जल यंत्रालयों के लिए एलम (फिटकरी) खरीदने के लिए ऑनलाइन निविदा बुलाई गई थी। इस निविदा की नोटशीट पर अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा ने ही शाजापुर की भारत एलम फर्म की दर स्वीकृति की अनुंशसा की थी। निविदा समिति की नोटशीट को तत्कालीन कार्यपालन यंत्री अतुल तिवारी द्वारा 14 जनवरी 2021 को पोर्टल पर अपलोड किया गया। इसके बाद दर स्वीकृति अनुबंध व वर्क आर्डर जारी होकर सामग्री का सप्लाय भी हो गया।

मामला जब बिल भुगतान तक पहुंचा तो मेसर्स भारत एलम का प्रथम रनिंग बिल अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा के पास ही गया। मिश्रा ने निविदा समिति की नोटशीट पर खुद के हस्ताक्षर से ठीक उपर लिख दिया- निविदा अवधि नियमत: नहीं है। अब इस मामले की निविदा नोटशीट पर कुछ और टीप दर्ज हैँ और पोर्टल पर अपलोड नोटशीट पर कुछ और लिखा है। आर.पी. मिश्रा द्वारा अपने हस्ताक्षर से ठीक उपर निविदा अवधि पर सवाल उठाए जाने के बाद मेसर्स भारत एलम का बिल ऑडिट में जाकर फंस गया। भारत एलम फर्म के संचालक द्वारा कलेक्टर आशीष सिंह को भी मामले की शिकायत की गई। कलेक्टर के निर्देश पर एनआईसी के डीआईओ द्वारा इस मामले की जांच शुरू की गई है।

एलम खरीदी कांड में नोटशीट में निलंबित अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा द्वारा की गई हेरफेर उजागर होने के बाद नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा नगरीय विकास एवं आवास पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव को एक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में खुद आयुक्तने उल्लेख किया है कि अपर आयुक्त पीएचई (तत्कालीन) आर.पी. मिश्रा द्वारा अपर आयुक्त वित्त गणेश कुमार धाकड़ के सहयोग से शासकीय नोटशीटों में कूटरचना की जाकर दस्तावेजों में हेरफेर किया गया है। अपर आयुक्तवित्त गणेश कुमार धाकड़ भी निविदा समिति के सदस्य थे, एलम खरीदी के बिल पर उनके द्वारा ही आपत्ति ली गई थी।

यह भी पढ़ेंः फर्जी मार्कशीट से नगर निगम में नौकरी पाने वाले भावसार पर केस दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अब कलेक्टर से मिले नगर निगम के ठेकेदार

Thu Sep 2 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के ठेकेदारों ने गुरुवार को कलेक्टर आशीषसिंह से मुलाकात कर बकाया भुगतान दिलाने की गुहार लगाई है। ठेकेदार संभागायुक्त संदीप यादव के कार्यालय पर भी पहुंचे। यहां संभागायुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी तो उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। पिछले 15 दिनों से नगर निगम के […]