आरटीओ में धांधली के नहीं दिए किसी ने सबूत, एडीएम के बयान पर टिकी जांच

तीन माह पहले एजेंट की दुकान से जब्त हुए थे विभागीय दस्तावेज

उज्जैन,अग्निपथ। एक एजेंट की दुकान पर तीन माह पहले छापा पडऩे के बाद आरटीओ पर अनेक आरोप लगे थे, लेकिन कोई भी व्यक्ति जांच अधिकारी अवि प्रसाद के समक्ष गवाही और सबूत देने आगे नहीं आया। नतीजतन शुक्रवार को उन्होंने एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी को बयान देने के लिए पत्र लिखा है।

उल्लेखनीय है कि 18 मार्च की शाम एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी ने आरटीओ एजेंट प्रदीप शर्मा की दुकान पर छापा मारा था। तलाशी में दुकान व घर से विभाग की 120 फाइल, रसीद कट्टे आरटीओ की हस्तलिखित नोटशीट व सील मिली थी। नतीजतन कलेक्टर आशीष सिंह ने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश देकर अपर कलेक्टर (आईएएस) अवि प्रसाद को जांच सौंपी थी। जिले के अनलॉक होते ही अपर कलेक्टर ने 1 जून को सूचना जारी की थी। 15 जून तक आम लोगों से आरटीओ में छापे व धांधली के संबंध में गवाही और सूबत देने की अपील की थी। लेकिन तय समय तक किसी के नहीं पहुंचने जांच आगे नहीं बढ़ पाई। इसी को देखते हुए उन्होंने शुक्रवार को एडीएम सूर्यवंशी को बयान देने के लिए पत्र लिखा है।

एजेंट अब तक लापता

याद रहे एजेंट शर्मा की दुकान से परिवहन ऑफिस चलने की सूचना पर एडीएम सूर्यवंशी लायसेंस बनवाने के बहाने गए थे। लेकिन दबिश का पता चलते ही शर्मा भाग गया था। बाद में उसकी दुकान-घर से दस्तावेज मिलने पर सूर्यवंशी ने उस पर एफआईआर का कहा था। उन्होंने अपने प्रतिवेदन में भी इसका जिक्र किया था। लेकिन शर्मा पर न केस दर्ज हुआ और न उसे किसी ने तलाशने की कोशिश की।

अग्निपथ ने की थी आरटीओ के बचने की घोषणा

धांधली सामने आने पर कलेक्टर आशीष सिंह ने संभागायुक्त संदीप यादव से आरटीओ मालवीय को निलंबित करने की अनुशंसा की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मालवीय का संस्पेंड होना तय था, लेकिन सिर्फ नोटिस देकर इतिश्री कर ली गई। संभवत: पहली बार हुआ कि गड़बड़ी मिलने के बावजूद कलेक्टर की अनुशंसा को किसी संभागायुक्त ने दरकिनार किया हो। हालांकि मामले मे बड़ा लेन-देन के आरोप लगते देख अग्निपथ ने 5 अप्रैल के अंक में इसकी घोषणा कर दी थी।

इन्होंने कहा

घटना को लेकर 15 जून तक लोगों से साक्ष्य मांगे थे, लेकिन एक भी साक्ष्य लेकर सामने नहीं आया। अब एडीएम सूर्यवंशी को कथन देने के लिए पत्र लिखा है। -अवि प्रसाद, अपर कलेक्टर व जांच अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबरों के उस पार: बिजली बिलों से भाजपाई भी परेशान..!

Fri Jun 18 , 2021
लॉकडाउन खुलते ही बिजली विभाग ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। मनमाने नियमों से आम दिनों से दो-तीन गुना अधिक बिजली के बिल लोगों को भेज दिए गए हैं। काम-धंधा गंवाकर बैठे लोगों ने जैसे-तैसे लॉकडाउन में अपना खर्चा चलाया। अब उन पर बिजली कंपनी ने भारी भरकम […]