उज्जैन मंडी में 15 हजार 301 रुपए के भाव बिकी सोयाबीन

प्रदेश में सबसे ज्यादा भाव

उज्जैन, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी में गुरूवार को मुहूर्त के सौदे के दौरान एक नया रिकार्ड बन गया है। मुहूर्त के सौदे में सोयाबीन 15 हजार 301 रूपए प्रति क्विंटल और चना 17 हजार 213 रूपए प्रति क्विंटल के भाव से बिका है। मध्यप्रदेश की अन्य किसी भी मंडी में मुहूर्त के सौदे में सोयाबीन के दाम इस स्तर तक नहीं पहुंच सके है।

दीपावली के पूर्व गत शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में कारोबार बंद हो गया था। त्योहार निपटा, छुट्टियां खत्म हुई तो साल के पहले सौदे के रूप में मंडी व्यापारियों ने गुरुवार का दिन चुना। गुरुवार सुबह कृषि उपज मंडी के तमाम व्यापारी मंडी में एकत्रित हुए। सुबह भगवान गणपति के मंदिर में सामूहिक पूजन-अर्चन किया और इसके बाद साल के सौदों की नए सिरे से शुरूआत की।

मुहूर्त के सौदे से पहले व्यापारियों का स्नेह समेलन आयोजित किया गया था, इसमें सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक पारस जैन व भाजपा के जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला बतौर अतिथि शामिल हुए। ढोल और ताशों के बीच बैलगाडिय़ों से व्यापारियों ने उपज खरीदी की शुरूआत की।

सोयाबीन उपज का पहला लॉट 15 हजार 301 रूपए प्रति क्विंटल के भाव नीलाम हुआ। इसी तरह गेंहू की पहली गाड़ी 4 हजार 5 रूपए प्रति क्विंटल के भाव से व्यापारियों ने खरीदी। मक्का की पहली गाड़ी 5 हजार 113 रूपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदी गई। चने की पहली गाड़ी 17 हजार 213 रूपए प्रति क्विंटल के भाव से व्यापारियों ने खरीदी। मध्यप्रदेश की किसी भी मंडी के मुकाबले मुहूर्त के सौदों में ये सबसे उच्चतम भाव है।

पिछले साल भी उज्जैन मंडी में ही मुहूर्त के सौदे के दौरान किसानों को उपज के सबसे अधिकतम भाव किसानों को मिले थे। कृषि उपज मंडी में गुरूवार से मुहूर्त के सौदे के साथ ही एक बार फिर से व्यापार की शुरूआत हो गई है। दीपावली अवकाश के पहले तक मंडी में हर रोज औसत 10 हजार बोरी सोयाबीन बिकने आ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दीये-बाती और रंगोली बेचने वालों से निगम ने वसूला शुल्क

Fri Oct 28 , 2022
महापौर की घोषणा को किया दरकिनार उज्जैन अग्निपथ। नगर निगम ने हर वर्ष की तरह इस बार भी दिवाली पर दीपक, बाती और रंगोली विक्रेताओं से शुल्क वसूला है। जबकि 17 अक्टूबर को हुई महापौर पंचायत में महापौर मुकेश टटवाल ने घोषणा की थी कि इस वर्ष दीये, बाती और […]

Breaking News