उज्जैन में फिर शुरू होगा पायलट प्रशिक्षण दताना हवाई पट्टी पहुंचे दो नए प्लेन

बिहार की नालंदा एविएशन कंपनी ने तैयारी शुरू की

उज्जैन,अग्निपथ। देवासरोड स्थित हवाईपट्टी एक बार फिर पायलट ट्रेनिंग सेंटर्र बनने जा रही है। बिहार की नालंदा एविएशन प्रायवेट लिमिटेड इसकी तैयारी कर रहा है। ट्रेनिंग के लिए दो प्लेन पहुंच भी गए हैं। सबकुछ ठीक रहा तो साल के अंत तक ट्रेनिंग कोर्स शुरू हो जाएगा।

शहर से 15 किमी दूर स्थित दताना हवाई पट्टी पर फिर पायलट ट्रेनिंग सेंटर शुरू होने जा रहा है। ट्रेनिंग शुरू करने के लिए बिहार की नालंदा एविएशन प्रायवेट लिमिटेड ने शासन हवाई पट्टी लीज पर ली है। कंपनी ने ट्रेनिंग कोर्स शुरू करने के लिए हवाई पट्टी दुरूस्त करने के साथ ऑफिस व प्रतीक्षालय का रिनोवेशन शुरू कर दिया है।

कंपनी ने सात विमान भी मंगवाए हैं, जिनमें से दो आ भी गए हैं। बावजूद तैयारियों में करीब 4-5 माह लग सकते हैं। इसी को देखते हुए कंपनी के विंग कमांडर डॉ. परशुराम ने दिसंबर तक ट्रेनिंग कोर्स शुरू होने की उम्मीद जताई है।

प्लेन के्रश होने पर बंद हुई थी ट्रेनिंग

दताना हवाई पट्टी पर वर्ष 2007-08 में यश एयरवेज कंपनी ने पायलट ट्रेनिंग कोर्स शुरू किया था। करीब एक दर्जन प्लेन से पायलट बनने के इच्छुक युवकों को ट्रेनिंग दी जाती थी। लेकिन वर्ष 2010 में नरवर क्षेत्र में ट्रेनिंग के दौरान एक प्लेन 400 केवी की लाइन में उलझ कर क्रेश हो गया था।

हादसे में मुंबई के ट्रेनी पायलेट के साथ प्रशिक्षक की मौत हो गई थी। नतीजतन वर्ष 2011 में ट्रेनिंग केंद्र बंद हो गया था। हालांकि यहां अभिनेता सलमान खान के भाई सोहेल खान भी ट्रेनिंग ले चुके हैं।

गड़बड़ी के कारण सुर्खियों में

यश एयरवेज कंपनी काफी विवादों में भी रही है। लीज वसूल नहीं करने और शासन के मद से करोड़ों रुपए मरम्मत पर खर्च करने पर कंपनी डायरेक्टर्स और पूर्व में रहे करीब 6 कलेक्टर, पूर्व लोकायुक्त पर गंभीर आरोप लगे है। मामला लोकायुक्त में लंबित है। वहीं पूर्व राष्ट्रपति के आगमन के दौरान हुई गड़बड़ी के कारण भी यश एयरवेज पर सवाल खड़े हुए थे।

कम खर्च पर पायलट बनाएगी नालंदा

नालंदा एविएशन कंपनी उच्च श्रेणी का प्रशिक्षण कम खर्च में देने का प्रयास करेगी। उद्देश्य है कि पायलट बनने के इच्छुक गरीब बच्चे इसका लाभ लेकर देश विदेश में नाम कमा सके। तैयारियां चल रही है। साल के अंत तक ट्रेनिंग शुरू होने की उम्मीद है। – डॉ. परशुराम यादव, विंग कमांडर, नालंदा एविएशन कंपनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बहुत दूर निकल गये फिर कभी वापस ना लौटकर आने के लिये

Sat Jun 19 , 2021
‘भाग मिल्खा भाग’ नाम से बनी फिल्म का वास्तविक किरदार ‘द फ्लाइंग सिख’ के नाम से पहचान बनाने वाले 91 वर्षीय एथलीट मिल्खा सिंह जी इस भौतिक रंगमंच पर अपनी पारी खेलकर बहुत दूर चले गये हैं। पूरी दुनिया में भारत को गौरवान्वित करने वाले मिल्खा सिंह जी का जीवन […]
Milkha singh