उज्जैन में भी संडे लॉकडाउन शुरू

उज्जैन/भोपाल। मध्यप्रदेश में एक दिन में संक्रमित मरीजों की संख्या पिछले एक सप्ताह से बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 2,091 नए केस मिले, जबकि 23 मार्च को यह आंकड़ा 1885 था। विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर,नरसिंहपुर शहरों के साथ छिंदवाड़ा जिले के सौंसर में भी रविवार को लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। इससे पहले भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, बैतूल और छिंदवाड़ा और खरगोन में रविवार लॉक डाउन हो चुका है। इस तरह 11 शहरों में इस रविवार लॉकडाउन रहेगा। 31 मार्च से इंदौर और भोपाल शहर के सरकारी दफ्तरों में आधे ही कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। रोटेशन सिस्टम पहले की तरह लागू हो सकता है। कोरोना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार शाम यह फैसला लिया।

कोरोना से पिछले 48 घंटे में 18 लोग जान गंवा चुके हैं। इसमें झाबुआ का 8 साल का बच्चा भी शामिल है। उसे 16 मार्च को बुखार आया था और इंदौर में इलाज चल रहा था। कोरोना की दूसरी लहर के बाद इतने कम उम्र के बच्चे की यह संभवत: पहली मौत है। यही वजह है कि भोपाल, इंदौर और जबलपुर के अलावा छोटे शहरों में प्रशासन अब ज्यादा सख्ती कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार देर शाम कोरोना के वर्तमान हालातों की समीक्षा करने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा केस वाले शहर भोपाल, इंदौर और जबलपुर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य में 60 प्रतिशत केस सिर्फ इन तीन शहरों में दर्ज किए गए। भोपाल में कोरोना की रफ्तार बढऩे के साथ एक्टिव केस में तेजी से वृद्धि हो रही है। यहां एक सप्ताह में 45 प्रतिशत एक्टिव केस बढ़ गए हैं। यदि मार्च महीने के 24 दिन के आंकड़े देखें तो अब तक 5 गुना वृद्धि हो चुकी है। भोपाल में 1 मार्च को एक्टिव केस 556 थे, जो 24 मार्च को बढक़र 3195 हो चुके हैं।

सीएम ने कहा- महानगरों में कोरोना महा संक्रमण की तरफ फैल रहा है

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के महानगरों में कोरोना महा संक्रमण की तरह फैल रहा है। इसे रोकने के लिए संक्रमण को रोकना, अस्पतालों में व्यवस्था और वैक्सीनेशन पर सरकार का ज्यादा फोकस है। उन्होंने संकेत दिए कि अब ज्यादा सख्त निर्णय लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन का आर्थिक गतिविधियों पर बहुत ही बुरा असर होता है। लेकिन आपात जैसी स्थिति में कुछ मर्यादा रखनी पड़ती है और लोगों की जान बचाने के लिए सरकार को अपना धर्म निभाना पड़ता है। इसको ध्यान में रखते हुए फैसले लिए जाएंगे।
20 से अधिक केस वाले जिलों की संख्या 13 से बढक़र 15 हुई
भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित 15 जिलों में 20 से अधिक कोरोना केस आने लगे हैं। उज्जैन, खरगोन, छिंदवाड़ा, रतलाम और बैतूल में संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 25 घंटे में उज्जैन (83), रतलाम (65), ग्वालियर (63), खरगौन (60), बैतूल (54), सागर (44), बड़वानी (37), छिंदवाड़ा (35), नरसिंहपुर (33), शहडोल (27), बालाघाट (26) और शाजापुर में (22) संक्रमित मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

छात्रा को ब्लैकमेल कर एक साल दुष्कर्म किया, आरोपी फरार

Fri Mar 26 , 2021
पिता को फोटो दिखाने पर खुला मामला उज्जैन,अग्निपथ। आगर रोड़ निवासी एक युवक पड़ोसी नाबालिग छात्रा को अश्लील फोटो खींच कर साल भर से ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। फोटो देखने पर पिता को घटना का पता चला। मामले में शुक्रवार को चिमनगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की […]