एएसपी ने दो आरक्षकों को सस्पेंड किया, ड्यूटी छोड़ घर में सो रहे थे

उज्जैन,अग्निपथ। रात्रि में तय पाईंट से नदारद रहना जीवाजीगंज थाने के दो आरक्षकों को भारी पड़ गया। शनिवार तड़के चैकिंग में ड्यूटी से गायब मिले दोनों आरक्षकों को एएसपी अमरेंद्रसिंह ने सस्पेंड कर दिया। एएसपी अमरेंद्रसिंह ने बताया खजूरवाली मस्जिद पर जीवाजीगंज थाने से रोज रात्रि को दो आरक्षकों को तैनात किया जाता है। शुक्रवार रात 10 से सुबह छह बजे तक आरक्षक जितेंद्र सिसोदिया और अजय रावत की ड्यूटी लगाई गई थी। तड़के करीब 4.15 बजे वह गश्त पार्टी को चेक करते मौके पर पहुंचे तो दोनों नहीं मिले। ड्यूटी में लापरवाही के कारण उन्हें सस्पेंड कर दिया। सर्वविदित है खजूर वाली मस्जिद के पास गणेश स्थापना को लेकर पूर्व में भी विवाद हुए हैं। संवेदनशील क्षेत्र होने से यहां दो आरक्षक तैनात किए जाते है। लेकिन दोनों आरक्षक ड्यूटी छोड़ घर जाकर सो गए थे। मामले में एएसपी चौहान ने शाम को सेक्टर अधिकारी सहित सभी जिम्मेदारों को शाम को कंट्रोल रूम बुलाकर जवाब तलब भी किया है।

चोरी करने वाले बदमाशों को भेजा जेल

उज्जैन, अग्निपथ। अन्नपूर्णा नगर में मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 2 बदमाशों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। दो दिन पहले बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि लक्ष्मीबाई पति स्व. अन्ना साहब जाधव के मकान का 8 सितंबर की देर शाम बदमाशों ने ताला तोड़कर किराना सामान के साथ गैस टंकी चोरी कर ली थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई। शनिवार को संत रविदासनगर में रहने वाले अविनाश मराठा और निलेश निवासी अंबेडकर नगर को शंका के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई तो दोनों ने चोरी करना कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही से गैस टंकी और कुछ किराना सामान बरामद किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। दोनों आपराधिक प्रवृति के हैं। जिनके खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं।

केन्द्रीय जेल में 2 बंदियों के बीच मारपीट

उज्जैन, अग्निपथ। केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में शनिवार को एक बार फिर 2 बंदियों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों को जेल अधीक्षक ने समझाइश दी है। बताया जा रहा है कि केन्द्रीय जेल में बंद मादक पदार्थ तस्कर संजू उर्फ चना और राहुल नामक बंदी के बीच जेल परिसर में चल रही रंगाई-पुताई के दौरान कंबल उठाने की बात पर विवाद हो गया था। संजू ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। मामले की जानकारी लगते ही नवागत जेल अधीक्षक उषाराज पहुंची और मामला शांत कराया। मामले में जेल अधीक्षक ने बताया कि अभी समझाइश दी गई है। आगे से विवाद करने पर अन्य जेल स्थानांतरित किया जाएगा। मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मानव अधिकार संस्था के नाम से धोखाधड़ी करने की आरोपी गिरफ्तार

Sat Sep 11 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। नागझिरी पुलिस ने शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है। वजह इंटरनेशनल ह्यूमन राईट्स ट्रस्ट के नाम में नियुक्तियां कर दर्जनों लोगों से मोटी रकम ऐंठना है। कार्रवाई संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष की शिकायत पर की गई है। नागझिरी स्थित आदर्श नगर निवासी शिरिन हुसैन उर्फ शाबाना पति […]