कोरोना : 1 मार्च से दूसरे चरण का टीकाकरण, 60 साल से ऊपर के लोगों को लगेगा टीका

सरकारी केंद्रों पर मुफ्त में लगेगा, निजी सेंटरों पर भुगतान करना होगा

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने एलान किया कि एक मार्च से कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू हो जाएगा। इस चरण के तहत 60 साल की उम्र के लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। इसके अलावा 45 साल की उम्र वाले उन लोगों को भी वैक्सीन दी जाएगी, जिन्हें पहले से कोई बड़ी बीमारी है।

मंत्री ने बताया कि 10 हजार सरकारी और 20 हजार  निजी केंद्रों पर लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया कि सरकारी केंद्रों पर लोगों को मुफ्त में वैक्सीन की डोज दी जाएगी। वहीं जो लोग निजी केंद्र से वैक्सीन लगवाएंगे, उन्हें भुगतान करना होगा। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों में स्वास्थ्य मंत्रालय वैक्सीन बनाने वाली कंपनी और अस्पतालों से विचार-विमर्श कर इस राशि पर फैसला लेगा।

मंगलवार तक 1.19 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगा टीका

एक अस्थायी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार तक कुल 1,19,07,392 टीके की खुराक दी गई है। लाभार्थियों में पहली खुराक ले चुके 64,71,047 स्वास्थ्य कर्मी (एचसीडब्ल्यू), दूसरी खुराक लेने वाले 13,21,635 एचसीडब्ल्यू और कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात 41,14,710 कर्मी (एफएलडब्ल्यू) शामिल हैं जिन्होंने पहली खुराक ली है।  मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण अभियान के 39वें दिन शाम 6 बजे तक टीकाकरण की पहली खुराक से संबंधित प्रतिकूल असर के पांच मामले और टीके की दूसरी खुराक से संबंधित प्रतिकूल प्रभाव के तीन मामले सामने आए।

मप्र में 6.75 लाख लोगों को लगा टीका

अंतिम रिपोर्ट के अनुसार टीके के कुल 1 करोड़ 19 लाख 07 हजार 392 लाभार्थियों को टीका लग चुका है। इनमें बिहार से 5,82,966, केरल से 4,68,145, कर्नाटक से 7,20,392, मध्य प्रदेश से 6,75,401, महाराष्ट्र से 10,03,706, दिल्ली से 3,41,283, गुजरात से 9 01,400, उत्तर प्रदेश से 12,26,775 और पश्चिम बंगाल से 7,60,539 शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पुद्दुचेरी में लगा राष्ट्रपति शासन, फ्लोर टेस्ट में फेल होने पर गिर गई थी कांग्रेस सरकार

Wed Feb 24 , 2021
पुद्दुचेरी। पिछले काफी दिनों से पुद्दुचेरी में राजनीतिक संकट जारी है। केंद्र सुरकार ने बुधवार को पुद्दुचेरी में राष्ट्रपति शासन लगा दिया है। बीते दिनों कांग्रेस की सरकार गिर जाने के बाद केंद्रीय कैबिनेट ने राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के फैसले को मंजूरी दे दी। इस हफ्ते की शुरुआत में विश्वास […]