कोविड टीके का दूसरा डोज 56 दिन बाद लगवाना है : कलेक्टर

20 हजार टीके रोज लगाने का लक्ष्य, आधार कार्ड की फोटोकॉपी जरूरी नहीं

उज्जैन। जिले में गुरुवार से 44 वर्ष की आयु के ऊपर के सभी ऐसे लोग, जिनका जन्म एक जनवरी 1977 या इसके पूर्व हुआ है, को टीके लगाना प्रारम्भ हो गया है। उज्जैन शहर में बढ़ते कोरोना प्रकोप के मद्देनजर प्रत्येक वार्ड में एक टीकाकरण केन्द्र स्थापित कर एक अप्रैल से सभी वार्डों में टीकाकरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने आज उज्जैन शहर में पूर्व में स्थापित टीकाकरण केन्द्रों एवं नये स्थापित किये गये वार्डों में जाकर टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा है कि कोरोना से बचाव का एकमात्र उपाय टीका लगवाना है, इसलिये जो भी टीका लगाने के पात्र हैं वे कोताही न करें और टीकाकरण केन्द्र पर जाकर टीका लगवायें। उन्होंने कहा कि टीके से किसी को कोई हानि नहीं हो रही है, इसके लाभ ही लाभ हैं।

कलेक्टर ने आज सुबह 10.30 बजे कैंसर केयर युनिट सख्याराजे अस्पताल में जाकर यहां स्थापित चार केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वेरिफायर से जाकर बात की कि किस तरह से वे टीका लगवाने आने वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। उन्होंने टीका लगवाने आये लोगों से चर्चा भी की। कलेक्टर ने कहा कि प्रथम टीका लगाने के बाद दूसरा टीका 56 दिन बाद लगवाना चाहिये, इसका सन्देश भी लोगों तक प्रचारित किया जाना चाहिये।

कलेक्टर ने इसके बाद क्षीर सागर स्थित महाराष्ट्र समाज की धर्मशाला, ढांचा भवन के माध्यमिक विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मन्दिर में स्थापित किये गये नये टीकाकरण केन्द्रों का दौरा किया तथा निर्देश दिये कि यहां पर पर्याप्त मात्रा में स्टाफ की तैनाती की जाये और टीकाकरण केन्रों् का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। कलेक्टर ने इसके बाद ऋषि नगर में सरस्वती शिशु मन्दिर में स्थापित टीकाकरण केन्द्र का दौरा किया एवं सभी स्थानों पर तुरन्त वेरिफायर की नियुक्ति करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने सभी टीकाकरण केन्द्रों पर वेटिंग कक्ष, टीकाकरण कक्ष एवं ऑब्जर्वेशन रूम तैयार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को टीका लगवाने में परेशानी नहीं आना चाहिये।
केवल आधार कार्ड लेकर ही टीकाकरण केन्द्र जायें

कलेक्टर ने महाराष्ट्र समाज के टीकाकरण केन्द्र पर टीका लगवाने आये लोगों से चर्चा की। मौजूद लोगों ने बताया कि टीका लगवाने के समय आधार कार्ड की फोटोकापी मांगी जा रही है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि आधार कार्ड की फोटोकापी की आवश्यकता नहीं है, आधार कार्ड एवं पहचान-पत्र लेकर आना ही पर्याप्त है, इसी के आधार पर टीकाकरण किया जाये। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कल्याणी पाण्डे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महावीर खंडेलवाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. केसी परमार मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबरों के उस पार: वैक्सीन पर राजनीति भारी....!

Sat Apr 3 , 2021
केंद्र सरकार द्वारा 44 साल से अधिक के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का काम 1 अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। पूर्व में यह वैक्सीन 44 साल से अधिक उम्र के उन लोगों को लगाई जा रही थी जो किसी बीमारी से ग्रसित थे। किंतु अब यह सभी […]