चरक के स्वास्थ्य शिविर में देरी से पहुंचे मंत्री और सांसद

उज्जैन, अग्निपथ। जिला अस्पताल की मातृ एवं शिशु ईकाई चरक भवन में बुधवार से दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव को इस शिविर का शुभारंभ करना था, वे निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से पहुंचे। डा. यादव चरक भवन आए तो अपने साथ यहां भर्ती होने वाली प्रसूताओं के लिए 3 कूलर भी लेकर आए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चरक भवन में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर की बुधवार से विधिवत शुरूआत की गई। निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करने पहुंचे दक्षिण क्षेत्र के विधायक और उच्चशिक्षा मंत्री डा.मोहन यादव के साथ ही सांसद अनिल फिरोजिया ने चरक भवन में इलाज कराने आई महिलाओं से बात की।

उनसे पूछा- आपको यहां किसी तरह की तकलीफ तो नहीं है, कोई कर्मचारी परेशान तो नहीं कर रहा। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.पी.एन.वर्मा ने स्वास्थ्य शिविर के बारे बताया कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदाय करने हेतु इस दो दिवसीय जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर के अंतर्गत 19 मई को भी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच होगी।

शुभारम्भ अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन को जल्द मेडिकल कॉलेज मिलेगा। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अमले को कहा कि वे मानवीय संवेदनाओं के साथ अपना कार्य करें। विगत दो वर्ष से कोविड होने के बाद अब स्वास्य्ं सेवाओं में काफी सुधार हो रहा है। भारत सरकार की योजना है कि देश के प्रत्येक जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो। स्वास्य्थ्य के क्षेत्र में जितना अच्छा हो सके, वह सरकार कर रही है।

जिस प्रकार से जिला स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है, उसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर भी शिविर आयोजित किये जायें। शिविर अलग-अलग प्रकार के हों, जैसे नेत्र शिविर आदि। कोविड जैसी खतरनाक बीमारी को ध्यान में रखते हुए हमें आत्म चिन्तन, आत्म अवलोकन कर आम लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान देना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं के कार्यों में प्लान बनाकर कार्य किये जायें, ताकि अधिक से अधिक पीडि़तों को लाभ पहुंचाया जा सकेगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त संचालक डॉ.रजनी डावर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय शर्मा, सिविल सर्जन डॉ.पीएन वर्मा, डॉ.केसी परमार, संजय अग्रवाल,  विजय चौधरी, मुकेश यादव, परेश कुलकर्णी, सत्यनारायण खोईवाल, डॉ.प्रभुलाल जाटवा, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पद्मजा रघुवंशी ने किया और अन्त में आभार सिविल सर्जन डॉ.वर्मा ने प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कार्यपालन यंत्री भार्गव को एक सप्ताह में दूसरा शोकॉज नोटिस

Wed May 18 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री पियूष भार्गव को बुधवार को नगर निगम आयुक्त ने एक ओर शोकॉज नोटिस जारी किया है। 24 घंटे के भीतर इस शोकॉज नोटिस पर उनसे जवाब तलब किया गया है। एक सप्ताह के भीतर ही दूसरी बार कार्यपालन यंत्री भार्गव को शोकॉज नोटिस […]